गोरखपुर हादसे पर राजभर ने अखिलेश को घेरा

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और उससे मौत होने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, हादसे को लेकर प्रदेश में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस घटना को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

‘आपके गुंडों ने मासूम की जान ली’

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल लोगों की लापरवाही के कारण 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की जान गई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद अखिलेश यादव ने न तो दुख जताया और न ही पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

राजभर ने लिखा कि रोड शो में शामिल बुलडोजर की वजह से आर्यवर्धन की जान गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘बुलडोजर सबसे नहीं संभलता मित्र।’ मंत्री ने इस मामले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

‘लोफरों की संगत छोड़ दीजिए’

राजभर ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें गलत लोगों की संगत छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने गोरखपुर दौरे के दौरान गोरखनाथ मंदिर और गीता प्रेस नहीं जाने को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा।

मंत्री ने कहा कि वह अखिलेश यादव को मित्र की तरह समझा रहे हैं, लेकिन उनकी बातों का गलत अर्थ निकाला जाता है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर अखिलेश ने अपनी संगत नहीं बदली तो 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

रोड शो में बुलडोजर की चपेट में आया था किशोर

दरअसल, बुधवार को गोरखपुर में अखिलेश यादव के स्वागत के लिए निकाले गए रोड शो के दौरान 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। बताया गया कि स्वागत के लिए पहुंचे बुलडोजर की चपेट में आने से किशोर की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button