
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज और बहू अफशां से मुलाकात कर उन्हें शादी की शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की चार तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में मोहन भागवत पूरे परिवार के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने नवविवाहित जोड़े को फूलों का गुलदस्ता और उपहार भी दिया।
शाहनवाज हुसैन ने जताया आभार
शाहनवाज हुसैन ने पोस्ट में लिखा, “मोहन भागवत जी का प्यार और आशीर्वाद उनके पूरे परिवार के लिए बहुत अनमोल है, जिसके लिए पूरा परिवार उनका दिल से शुक्रिया अदा करता है।”
कांग्रेस विधायक की बेटी से हुआ है अरबाज का निकाह
शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज हुसैन का निकाह 25 अक्टूबर को दिल्ली में अफशां अकरम खान के साथ हुआ था। अफशां हरियाणा के जगाधरी से कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी हैं।
दोनों की रिसेप्शन पार्टी में राजनीति और अन्य क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं। इनमें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मनोहर लाल के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल थे।



