यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 28 IPS अधिकारियों के तबादले

उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 28 आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव में पुलिस कमिश्नर, एडीजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कई जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं।

मोहित अग्रवाल को वाराणसी पुलिस कमिश्नर से हटाकर प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।

गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। वहीं गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ अब गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी संभालेंगे। किरण एस. को लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी पद से हटाकर वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

एडीजी और डीआईजी स्तर पर भी बड़ा बदलाव

तबादला सूची के मुताबिक रमित शर्मा को एडीजी बरेली जोन से एडीजी लखनऊ जोन बनाया गया है। वहीं प्रवीण कुमार को एडीजी लखनऊ जोन से एडीजी बरेली जोन भेजा गया है।

डीआईजी स्तर पर भी कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। प्रभाकर चौधरी को अलीगढ़ परिक्षेत्र से लखनऊ परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह को सहारनपुर से आगरा परिक्षेत्र और शैलेश कुमार पांडेय को आगरा से अलीगढ़ परिक्षेत्र भेजा गया है। आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं से सहारनपुर परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

अयोध्या और मुरादाबाद के SSP भी बदले

जिलों में हुए बदलाव के तहत डॉ. गौरव ग्रोवर को अयोध्या के एसएसपी पद से हटाकर मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है। वहीं मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती

आकाश तोमर को 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक पद से हटाकर डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है। अमित कुमार को 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद से ईओडब्ल्यू लखनऊ में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।

नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर, डॉ. अनिल कुमार पांडेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं लखनऊ और त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय लखनऊ में एसपी बनाया गया है।

इसके अलावा सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर का एसपी और अजीत कुमार सिन्हा को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ में एसपी बनाया गया है।

दिनेश त्रिपाठी को कानपुर नगर से प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी, जबकि कुलदीप सिंह गुनावत को प्रयागराज से कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है। प्रीति यादव को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट से 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

तीन IPS अधिकारियों का तबादला निरस्त

शासन ने तीन आईपीएस अधिकारियों के पिछले तबादले निरस्त कर उन्हें नई तैनाती दी है। पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद, नीतू को वाराणसी से अपर पुलिस उपायुक्त लखनऊ और अमित कुमावत को लखनऊ से अपर पुलिस उपायुक्त आगरा बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button