
वाराणसी में शनिवार को ‘काशी तमिल संगमम् 5.0’ का भव्य शुभारंभ हुआ। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने बटन दबाकर इस पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र किसी एक नक्शे से नहीं, बल्कि उन पुलों से बनता है जो दिलों को जोड़ते हैं। काशी में मां गंगा और तमिलनाडु में कावेरी बहती हैं, लेकिन दोनों के तटों पर संस्कार की धारा एक ही है। भाषाएं भले अलग हों, लेकिन भाव और संस्कृति एक हैं। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का लक्ष्य है।
12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ रखी गई है, जिसका अर्थ है ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’। समारोह में उपराष्ट्रपति ने संत तिरुवल्लुवर के ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ के सभी 1,330 दोहों के 50 से अधिक भारतीय भाषाओं में अनुवादित संस्करणों का डिजिटल विमोचन भी किया।
1,000 संस्थानों के विद्यार्थी करेंगे तिरुक्कुरल पर शोध
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2022 में काशी तमिल संगमम् की शुरुआत एक प्रयोग के तौर पर हुई थी, लेकिन आज यह जनआंदोलन बन चुका है। इस बार देश के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों से एक-एक विद्यार्थी तिरुक्कुरल पर शोध और प्रस्तुति देगा। इसके अलावा तमिलनाडु के करीब 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में इसका अध्यापन करेंगे।
उन्होंने बताया कि तमिलनाडु से आए लगभग 1,400 अतिथि काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या का भी भ्रमण करेंगे। योगी ने कहा कि तिरुक्कुरल के तीन खंड- अराम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इनबम (काम) भारतीय परंपरा के मूल विचारों से जुड़े हैं। संत तिरुवल्लुवर का समानता का संदेश उपनिषदों और श्रीमद्भगवद्गीता के चिंतन का विस्तार है।
काशी विश्वनाथ धाम के बाद 26 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का दावा
योगी आदित्यनाथ ने काशी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगरी भगवान बुद्ध, भगवान पार्श्वनाथ, कबीर, संत रविदास और तुलसीदास जैसी महान विभूतियों की परंपरा से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि पहले काशी में आस्था तो थी, लेकिन व्यवस्था और सुविधाओं की कमी थी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे। इनमें करीब 70 फीसदी श्रद्धालु दक्षिण भारत से थे। उन्होंने दावा किया कि इससे डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों को गति मिली और नाविकों, पुजारियों, व्यापारियों, गाइडों तथा होटल कर्मचारियों की आजीविका को मजबूती मिली।
25 हजार करोड़ से बनेंगे दो एलिवेटेड कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी को ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था के चार स्तंभों पर वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए बीएचयू और आईआईटी मद्रास की साझेदारी, काशी-प्रयागराज-अयोध्या स्पिरिचुअल सर्किट, एयरपोर्ट विस्तार, नमो घाट, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और अर्बन रोपवे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने जुलाई में 25 हजार करोड़ रुपये की लागत से दो एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी है। इनके निर्माण से यात्रा का समय आधे से भी कम होने की उम्मीद है।
तेनकाशी से सेंगोल तक जुड़ी हैं काशी और तमिलनाडु की परंपराएं
योगी ने काशी और तमिलनाडु के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों क्षेत्रों की परंपराएं सदियों से एक-दूसरे से जुड़ी रही हैं। उन्होंने तेनकाशी की स्थापना, महर्षि अगस्त्य, आदि शंकराचार्य, जगद्गुरु रामानुजाचार्य और महाकवि सुब्रमण्य भारती का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि नट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज करीब 200 वर्षों से प्रयागराज के त्रिवेणी जल से रामेश्वरम् और कोटि तीर्थ के जल से काशी विश्वनाथ का अभिषेक करता आ रहा है। काशी के केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट पर आज भी तमिल संस्कृति की झलक दिखाई देती है। नई संसद में स्थापित सेंगोल भी तमिल परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
प्रह्लाद जोशी बोले- योगी सरकार में बदली काशी की तस्वीर
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वर्ष 2004 में जब वह परिवार के साथ काशी आए थे, तब यहां की स्थिति काफी अलग थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शहर की व्यवस्थाओं में बदलाव आया है और बनारस एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना का साकार रूप है। भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री ने भी आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भाषा और संस्कृति के माध्यम से काशी और तमिलनाडु के प्राचीन संबंधों को फिर से मजबूत करना इसका उद्देश्य है।
समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, प्रदेश सरकार के मंत्री, आईआईटी मद्रास के निदेशक और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


