Friday , April 26 2024

बिहार में मकर संक्रांति के मौके पर राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सियासी भोज की धूम मची है

बिहार में मकर संक्रांति के मौके पर राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सियासी भोज की धूम मची है तो राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) ऐसे आयोजन से दूर है। पटना स्थित लालू-राबड़ी आवास पा सन्‍नाटा पसरा है। राजद की बात करें तो उसके ऐसे आयोजन से दूर रहने के पीछे का असली कारण लालू प्रसाद यादव का जेल में होना बताया जा रहा है। हालांकि, राबड़ी देवी के अनुसार एक राजद विधान पार्षद की मृत्‍यु के शोक में पार्टी ऐसे आयोजन से दूर है। लालू रांची जेल में चूड़ा-दही भोज का आनंद ले रहे हैं। 

जदयू के भोज में जुटेंगे 10 हजार लोग

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के हार्डिंग रोड (पटना) स्थित आवास पर हर साल की भांति इस बार भी वृहत पैमाने पर दही-चूड़ा भोज का कार्यक्रम है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान सहित राजग के अधिकांश नेता शामिल हो रहे हैं। 
बताया जाता है कि इसके लिए हर साल की तरह चंपारण, शाहाबाद और भागलपुर व बांका से चूड़ा मंगाये गये हैं। पटना और सासाराम से तिलकुट तो मोतिहारी से गुड़ लाया गया है। भोज के लिए 20 क्विंटल से ज्यादा दही, सब्जी और तिलकुट के इंतजाम किए गए हैं। दिन में दही-चूड़ा भोज के बाद शाम में खिचड़ी-चोखा और पापड़ का इंतजाम किया गया है। 
वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि दिन भर चलने वाले इस भोज में भोज में 10 हजार से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। इसमें राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, मंत्री नंदकिशोर यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के जदयू व सहयोगी दलों के सभी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें विभिन्न संगठनों और वर्गों के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। 

पासवान सहित अन्‍य नेताओं ने भी दिए भोज

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की ओर से एक भोज लोजपा के एक व्हीलर रोड स्थित में होगा जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी सहित राजग के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। 
भाजपा के विधान पार्षद रजनीश कुमार भी कई वर्षों से अपने बेली रोड पर मकर संक्रांति का भोज आयोजित करते रहे हैं। इस बार भी उनके आवास पर दही-चूड़़ा भोज का आयोजन है। यहां भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय सहित तमाम नेताओं को आमंत्रित किया गया है। राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के विधायक ललन पासवान ने भी अपने बेली रोड के आवास पर भोज का आयोजन किया है।  

लालू आवास पर नहीं हो रहा चूड़ा-दही भोज

बिहार में मकर संक्रांति के सियासी भोज एक नजारा कभी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आवास पर भी होता था। इसमें लालू प्रसाद यादव अपनी पार्टी के साथ-साथ विरोधी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी निमंत्रण देकर बुलाते थे। भोज में लालू अपने परिवार के साथ खुद लोगों को चूड़ा-दही परोसते थे। लेकिन बीते साल से लालू आवास पर यह नजारा नहीं दिख रहा। इस साल भी यहां चूड़ा-दही भोज का आयोजन नहीं किया गया है। इसका कारण लालू प्रसाद यादव का जेल में होना है। 
लालू-राबड़ी के पटना आवास पर लगातार दूसरे साल मकर संक्रांति भोज का आयोजन नहीं हो रहा है। दो साल में ये लगातार दूसरा मौका है जब राजद मकर संक्रांति का भोज आयोजित नहीं कर रहा है। पिछले साल 2018 में राजद ने भोज का आयोजन नहीं किया था। इस बार भी लालू के जमानत नहीं मिलने और उनके खराब स्वास्थ्य को लेकर पार्टी में निराशा है। हालांकि, राबड़ी देवी ने कहा है कि राजद नेता सह विधान पार्षद खुर्शीद अहमद मोहसिन की मृत्यु से पार्टी गमगीन है, इस वजह से भोज नहीं होगा। 

रांची जेल में मकर-संक्रांति मना रहे राजद सुप्रीमो

मकर संक्रांति के दिन लालू प्रसाद यादव रांची के जेल में हैं। बीमार होने के कारण के वे रांची के रिम्‍स (अस्‍पताल) में इलाज करा रहे हैं। वे वहीं मकर संक्रांति मना रहे हैं। 

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com