Wednesday , May 8 2024

गायत्री की तरह पवित्र है सपा- कांग्रेस गठबंधन : मोदी

फतेहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह गठबंधन भी गायत्री की तरह पवित्र है।

उन्होंने अखिलेश की चुटकी लेते हुए कहा, ‘तीसरे चरण के चुनाव में ही वह हार गए हैं। वोट डालने के बाद उनका चेहरा उतरा हुआ था।

आवाज में भी दम नहीं था।’ उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। 

पीएम मोदी रविवार को जिले की छह और बांदा जनपद की चार विधानसभाओं के प्रत्याशियों की संयुक्त चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सपा और अखिलेश सरकार पर जमकर भड़ास निकाली।

महिलाओं को रिझाते हुए कहा कि मोदी ने ही इनके जीवन में घुलने वाले काले धुएं को भगाया और पौने दो करोड़ परिवारों को धुएं से मुक्ति दिलाई।

एक घण्टा के अपने संबोधन में भाजपा की बहुमत की सरकार बनाने का दम भरने वाले मोदी ने पूरे समय मायावती और बसपा का नाम लेना या फिर उसके खिलाफ कोई टिप्पणी करना भी मुनासिब नहीं समझा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही सपा सरकार में गरीबों की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे हटवाए जाएंगे। गरीब की जमीन गरीब को दिलाई जाएगी। गरीबों, किसानों और नौजवानों के हक पर किसी को भी डाका नहीं डालने दिया जाएगा।

पीएम ने कहा कि चौ. चरण सिंह के बाद खाद का दाम किसी ने नहीं कम किया, लेकिन देश में भाजपा की सरकार बनते ही उन्होंने खाद के दाम कम कर दिए।

उन्होंने कहा कि यूपी में बिना दाम के कोई काम नहीं होता। बिना रुपये और सिफारिश के नौकरियां नहीं मिलती हैं, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के साथ ही प्रदेश से भ्रष्टाचार समाप्त होगा। गुण्डाराज के लोग जेल जाएंगे।

सपा और अखिलेश सरकार पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि दो डूबते हुए जवानों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर डूबने से बचने का प्रयास किया है क्योंकि एक तो उत्तर प्रदेश में डूबा था, अब दूसरा भी डूब रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार में गरीबों, किसानों और महिलाओं का उत्पीड़न चरम पर रहा।

नौजवानों की बढ़ती बेरोजगारी उन्हें पलायन से नहीं रोक सकती है। कानून व्यवस्था अपना काम नहीं कर सकी। प्रदेश के पुलिस थाने सपा के कार्यालय बन गए। इसमें पुलिस की सहमति नहीं, मजबूरी रही है।

उन्होंने कहा कि फतेहपुर की बलिदानी धरती पर इमली के पेड़ पर 52 लोगों को फांसी पर लटकाया गया था। यह ऐतिहासिक जिला है। यहां भृगु मुनि की तपस्थली और असनी जैसे पवित्र गंगातट हैं।

सिखों के गुरु अर्जनदेव की तपोस्थली रही है। इस धरती ने राष्ट्रकवि दिया है, इसलिए अब यहां की धरती से भाजपा अपना परचम लहराएगी और यह परचम उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार के रूप में होगा। मोदी ने मंच से सभी छह विधानसभाओं के प्रत्याशियों के साथ ही बांदा जनपद की चार विधानसभाओं के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com