Saturday , April 27 2024

जो बाप का नहीं हुआ वह आप का कैसे होगा उमा भारती

लखनऊ। आगरा रैली में दुराचारियों को उल्टा लटकाकर उनके शरीर में नमक-मिर्च डालने के विवादित बयान देने वाली जल संसाधन केन्द्रीय मंत्री उमा भारती शाम को पलट गयी और बहुत ही अनुशासित दिखी।

उन्होंने कहा कि जब कानून बनाने की बात की जा रही थी तब वे और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सुझाव दिया था कि दुराचारियों का अपराध जघन्यतम माना जाये और उनको मृत्यु दंड मिले। यह जरूरी न हो कि दुराचार का शिकार हुई लड़की की मृत्यु हो गयी हो। अगर वह जिन्दा भी हो तो भी दुराचारियों को मृत्युदंड का प्रावधान होना चाहिए। 

शुक्रवार को राजधानी मड़ियांव थाने के सामने जनसभा करते हुए केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने प्रदेश की कानून—व्यवस्था की खिल्लियां उड़ाते हुए कहा कि प्रदेश में हर तरफ गुंडाराज और भ्रष्टाचार, दुराचार बोलबाला है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पारिवारिक झगड़े में ही उलझे रह गये हैं। जो बाप का नहीं हुआ वह आप का क्या होगा। बताया कि वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम क्षेत्रों से दौरा करके आ रही है। हर तरफ भाजपा की लहर चल रही है और इसी लहर का असर है कि सपा और बसपा की नाव हिलोरे लेने लगी है।

वे डर कर एक दूसरे का हाथ थामे हुए है। डर है कि कहीं नाव डूब न जाये। बताया कि यह मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव और गांधी परिवार के राहुल गांधी दोनों को राजनीतिक विरासत चांदी की थाली में सजाकर मिली है। वे संघर्ष की बात क्या जाने। इतना ही नहीं वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गालियां देते हैं।

तानाशाह और हिटलर जैसी उपाधियां देते हैं और जब पीएम ने रेनकोट पहनकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बाथरूम नहाने की बात कह दी तो उनको मिर्ची लग गयी। उन्होंने का कि इसमें गलत क्या कहा। आखिर इतने घोटाले हुए और प्रधानमंत्री कहीं जिम्मेदार नहीं यह कैसे हो सकता है।

क्या बिना उनकी सहमति के देश चल रहा था तो जिम्मेदारी कैसे नहीं। अगर नहीं तो रेनकोट पहनकर नहाने की कहावत सही साबित होती है। यह भी बताया कि नरेन्द्र मोदी तो 18 घंटे काम करते हैं और एक -एक चीज पर नजर रखते हैं। वे कहते हैं कि न तो मैं भ्रष्टाचार करूंगा और न ही किसी को करने दूंगा। अब तो हर चीज का हिसाब देना पड़ता है।

मैने दुनियाभर की सैर की है और तमाम राष्ट्राध्यक्षों से मिली, लेकिन मोटा भाई (नरेन्द्र मोदी) जैसी अक्षय ऊर्जा वाला व्यक्ति नहीं देखा। 66 साल के नौजवान हैं वें जो हर वक्त देश के बारे में सोचते हैं।

नोटबंदी का समर्थन करते हुए उमा ने कहा कि जब नोटबंदी का निर्णय लिया गया तब यूपी में भ्रष्टाचारी नेताओं की चूले हिल गयी। किसी को अपने तहखाने में रखे नोटो की चिंता होने लगी तो किसी को अपने पैसे की चिंता सताने लगी, जबकि गरीब बहुत खुश हुआ।

बताया कि जो भी पैसा जमा हुआ है उससे सरकारी स्कूल व अस्पतालों में सुविधाओं को बढ़ाया जायेगा जिससे गरीब भी प्राइवेट अस्पताल व प्राइवेट स्कूल की सुविधा प्राप्त कर सके। सरकार बनी तो एक सप्ताह के अन्दर अपराध पर कंट्रोल किया जायेगा। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाकर हम प्रदेश को प्रगति के पथ पर ले जायेंगे।

उन्होंने भाजपा के सभी प्रत्याशियों के साथ लखनऊ उत्तर से भाजपा के प्रत्याशी डा.नीरज बोरा को जिताने का मतदाताओं से अनुरोध किया। कहा कि यह डाक्टर है। इसे कुछ नहीं चाहिए। बस समाज के लिए पूरा काम करते रहेंगे। भाजपा सांसद उमा भारती ने राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी का खूब जिक्र किया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com