Saturday , April 27 2024

पाक की फायरिंग तेज, मेंढर सेक्टर में महिला की मौत

kasजम्मू। जम्मू संभाग के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार सुबह से पाक सैनिकों द्वारा भारी गोलीबारी जारी है। मेंढर, हीरानगर और आरएसपुरा सेक्टर में जबरदस्त फायरिंग की जा रही है। इस दौरान पुंछ के मेंढर सेक्टर की नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी के कारण एक महिला की मौत हो गयी। हीरा नगर सेक्टर में तीन लोग घायल हो गये हैं। आरएसपुरा सेक्टर के अब्बदुलियां गांव के लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गये हैं।

मेंढर सेक्टर में पाक व भारतीय सैनिकों के बीच भारी गोलीबारी व मोर्टार दागने का सिलसिला जारी है। इस दौरान पाक सैनिक नियंत्रण रेखा के रिहायशी इलाकों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। इसी बीच एक महिला मोर्टार की चपेट में आने से घायल हो गयी। घायल महिला को तुरंत एसडीएच मेंढर ले जाया गया जहां पर उसकी मौत हो गयी।

मृत महिला की पहचान इस्मबा बी पत्नी अब्दुल रहमान निवासी गोहलेद के रूप में हुई है। खबर लिखे जाने तक मेंढर के कई क्षेत्रों में पाक द्वारा भारी मात्रा में मोर्टार शैल दागने का सिलसिला जारी था। भारतीय जवान भी इस कार्यवाही का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।

पाक रेंजर्स ने गोलीबारी का सिलसिला लगातार जारी रखते हुए शुक्रवार सुबह जम्मू संभाग के हीरानगर सेक्टर में भारी गोलीबारी कर तथा मोर्टार दागे। पाक रेंजर्स द्वारा मोर्टार फेंकने के कारण तीन लोग तथा कई मवेशी घायल हो गये हैं।

हीरा नगर सेक्टर के लाली चक पंसार, पाहदापुर और लोंदी गांव में बीती देर रात से जारी भारी गोलीबारी व मोर्टार दागने का सिलसिला आज सुबह 6.00 बजे तक पाक रेंजर्स ने जारी रखा। रिहायशी इलाकों में मोर्टार गिरने के कारण तीन लोग घायल हो गये जिसमें दो लड़कियां तथा एक व्यक्ति शामिल है। इस दौरान कई घरों को नुकसान पहुंचा तथा दो दर्जन के करीब मवेशी भी घायल हो गये। सूत्रों के मुताबिक इन गांवों से करीब 400 लोग पलायन कर सुरक्षित जगहों पर भेज दिए गए हैं।

वहीं आरएसपुरा सेक्टर के अब्बदुलियां गांव के लोग भी गोलीबारी के कारण अपने घरों को छोड़ सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गये हैं। इस दौरान राजौरी जिले के नौशहरा सेक्टर की नियंत्रण से भी गोलीबारी की खबर आ रही हैं तथा सुबह 7 बजे से कलाल, बाबा खोड़ी तथा रूम्बाली डेरा क्षेत्रों से सटी नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी जारी है। सुरक्षाबल के जवान भी इस गोलीबारी का बड़े प्रभावी ढंग से जवाब दे रहे हैं।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com