Saturday , April 27 2024

भाजपा की सरकार ही उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बना पायेगी: अमित शाह

bjpमथुरा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को कहा कि केवल भाजपा की सरकार ही उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बना पायेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसी जाति व धर्म की नहीं बल्कि पं0 दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों वाली होगी।अमित शाह आज मथुरा के नगला चन्द्रभान स्थित दीनदयाल धाम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मशती समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दीनदयाल की नीतियों पर चलकर ही केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है। दीनदयाल और श्यामा प्रसाद ने जनसंघ बनाया था । उन्हीं की नीतियों पर आज देश में 13 राज्यों की सरकारें भी चल रही हैं।

सपा और बसपा पर प्रहार करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों दलों की सरकारों ने उत्तर प्रदेश को पिछड़ा बना दिया। उन्होंने कहा कि इस समय राज्य में चाचा-भतीजे की सरकार चल रही है। यह प्रदेश को विकास की राह पर ले जाने में पूर्णतः अक्षम है। उन्होंने कहा कि पिछले बीस सालों में देश के कई राज्यों में हर गांव में बिजली, पानी पहुंच गया है लेकिन उप्र में सपा और बसपा ने कुछ नहीं किया।
उन्होंने लोगों से अपील किया कि प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार और गुंडई से त्रस्त करने वाली सपा और बसपा की सरकारों को अब चुनने का मौका न दें ताकि प्रदेश तरक्की के रास्ते पर चल सके। कुशासन जाएगा तभी सुशासन आएगा।

अमित शाह ने कहा कि प्रदेश की जनता अब तक बसपा से नाराज होने पर सपा को चुनती रही और सपा से नाराज होने पर बसपा को चुन लिया। आखिर कब तक सपा और बसपा को प्रदेश की कमान सौंप कर गुंडई, लूट तथा भ्रष्टाचार कराते रहोंगे। उन्होंने जनता से पूछा बीस वर्ष के अंदर देश के 13 भाजपा शासित प्रदेश तरक्की के रास्ते पर परवान चढ़ रहे हैं। बिजली, पानी व विद्यालय हर गांव में पहुंच गए लेकिन यूपी के कई गांवों में आज भी न बिजली है, न पीने का साफ पानी और न ही बेहतर शिक्षा के लिए विद्यालय। अन्य प्रदेशों के गांवों में नौजवानों को रोजगार भी मिल रहे हैं लेकिन यूपी के गांवों में रोजगार का अभाव है।

श्री शाह ने सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो वह गरीब बच्चों, मां, बहनों की सरकार होगी। किसी एक परिवार या जाति की सरकार नहीं होगी। उन्होंने अपील किया कि यूपी को अगड़ा राज्य और उत्तम प्रदेश बनाना है, तो भाजपा को सत्ता में लाएं। उन्होंने कहा कि यूपी का ग्रोथ रेट बढ़ते ही देश का ग्रोथ रेट दस प्रतिशत बढ़ जाएगा। उन्होंने भ्रष्टाचार और गुंडाराज को उखाड़ फेंकने की बात करते हुए कहा कि मायावती की सरकार भ्रष्टाचार करती है, वहीं सपा के शासन में गुंडाराज चरम पर रहता है। जनता से बात करते हुए बोले कब तक मायावती जैसे भ्रष्टाचारियों को झेलेंगे। गुंडाराज को उखाड़कर फेंक दीजिए। भाजपा को एक मौका देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास प्रदेश में भी होगा।

देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस शासन पर कटाक्ष करते हुए अमित शाह ने कहा कि नेहरू द्वारा बनाई गई नीतियां पाश्चात्य संस्कृतियों से परिपूर्ण थी, जिससे देश का विकास तो नहीं हुआ, अपितु बड़े लोगों को अवश्य फायदा मिला और गरीबों को आज तक त्रासदी झेलनी पड़ रही है। आजादी के बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्मवाद के चलते इन नीतियों का विरोध करने के लिए ही भारतीय जनसंघ की स्थापना की। पंडितजी और उनके साथियों ने तत्कालीन सरकार की नीतियों का विरेाध करते हुए गरीबों के लिए नीतियां बनाने का संकल्प लिया था, जिसकी परिणति आज भारतीय जनता पार्टी जैसे वटवृक्ष के रूप में आज देश के सामने है। केन्द्र व 13 प्रदेशों में आज पं. दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर ही भाजपा सरकारें गरीब, महिलाओं के लिए विकास का कार्य कर रही है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com