Friday , April 26 2024

मणिपुर में अमित शाह का राहुल गांधी पर निशाना, कहा -यहां अनानास होता है नारियल नहीं

मणिपुर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

यहां उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के ‘नारियल का जूस’ वाले बयान पर कटाक्ष किया। राहुल पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा, “कल यहां राहुल बाबा आए थे।

इन्होंने कहा मणिपुर के नारियल जूस को एक्सपोर्ट करेंगे। क्या आपने कभी नारियल का जूस देखा है? अरे भैया राहुल, यहां अनानास होता है नारियल नहीं होता।

लगता है शायद आपको इबोबी सिंह ने ठीक से भाषण लिखकर नहीं दिया है। या फिर आपको नारियल और अनानास का अंतर मालूम नहीं है।”

इससे पहले बुधवार को ही पीएम मोदी ने भी राहुल गांधी के इस बयान पर निशाना साधा था। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए कहा ‘‘कांग्रेस के एक नेता बड़े कमाल के हैं। हम प्रार्थना करेंगे कि उन्हें लम्बी उम्र मिले। वह कल मणिपुर गये थे।

उन्होंने कल वहां किसानों के लिये बड़ी घोषणा की। कहा कि अब वह मणिपुर से नारियल का जूस निकालकर इंग्लैंड में बेचेंगे। गरीब से गरीब बच्चे को भी पता होगा कि नारियल का तो पानी होता है, जूस नहीं। नारियल केरल में होता है और वह कहते हैं कि मणिपुर में नारियल का जूस निकलेगा। अब कांग्रेस के पास ऐसे नये होनहार लोग हैं। बताइये, इनसे आपको कौन बचाएगा।’’

अमित शाह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री इबोबी सिंह पर भी जमकर तीर बरसाए। उन्होंने कहा, “कई मुख्यमंत्री कई नामों से जाने जाते हैं। मोदी जी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो वह 24 घंटे बिजली के लिए जाने जाते थे।

शिवराज सिंह को एग्रीकल्चर डेवलपमेंट के लिए जाना जाता है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि मणिपुर के मुख्यमंत्री इबोबी सिंह का नाम मिस्टर 10% पड़ गया है। अगर मणिपुर की जनता परिवर्तन की मांग नहीं करती है तो लगेगा कि विकास को मांगने में यह राज्य काफी पीछे रह गया। भाजपा की सरकार आती है तो हम मणिपुर को मॉडल स्टेट बनाकर रहेंगे।

एक ऐसा राज्य जहां बेरोजगारी, फर्जी एनकाउंटर समाप्त हो जाएंगे। अगर ऐसा राज्य इबोबी सिंह की भ्रष्ट सरकार नहीं बना सकती। इसके लिए भाजपा को बहुमत देना होगा।”

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com