Friday , April 26 2024

मुलायम सिंह ने की सीएम योगी की तारीफ, कहा- सही है छुट्टियां रद करने का फैसला

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने महापुरुषों की जयंती पर स्कूलों की छुट्टियां रद्द करने संबंधी योगी सरकार के फैसले को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि इस दिन स्कूलों में बच्चों को महापुरुषों के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए।

उन्होंने कश्मीर में सेना के जवानों से दुर्व्यवहार करने वालों की तीखी निंदा की। परिवार में किसी प्रकार के झगड़े से फिर इनकार किया। शनिवार को इटावा के सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर पहुंचे मुलायम सिंह यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सेना के जवानों के साथ दुर्व्यवहार में केंद्र सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। सेना के जवानों के मान-सम्मान की रक्षा होनी चाहिए। कश्मीर मुद्दे पर हमारी सेना पिट रही है, पाकिस्तान को करारा जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छह महीने तक हम प्रदेश सरकार के कामकाज पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। इसके बाद समीक्षा करेंगे। जरूरत हुई तो सरकार के खिलाफ बोलेंगे, संघर्ष करेंगे। उन्होंने शिवपाल सिंह यादव को लेकर चल रही अटकलों को खारिज किया। कहा कि समाजवादी परिवार एक है।

शिवपाल कोई पार्टी नहीं बनाने जा रहे। यह विवाद मीडिया की देन है। अभी कोई गठबंधन भी नहीं होने जा रहा है। आवश्यकता पर विचार किया जाएगा। मुलायम सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है। वे खुद इसमें हिस्सा लेंगे, कार्यकर्ता भी इसमें बढ़ चढ़कर भाग लें। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद वापस लेने के सवाल पर कहा कि पद से कोई फर्क नहीं पड़ता। डॉ. राममनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, जनेश्वर मिश्र जैसे कई नेता ऐसे रहे, जिन्होंने किसी पद पर न रहते हुए जनता के बीच काम किया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com