Saturday , April 27 2024

योगी ने दिया मंत्र, बूथ को मजबूत बनाकर जीतें चुनावी जंग

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और जीत का मंत्र दिया। गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष, महामंत्री संगठन के साथ 10 जिलों के प्रभारी, जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएं। सरकार ने गांव, गरीब, महिला, युवा और बेरोजगारों के लिए बहुत काम किया है। बूथ को मजबूत बनाकर जीत हासिल की जा सकती है।

गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची दुरुस्त कराने का काम प्राथमिकता पर किया जाना चाहिए। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उनसे फार्म छह भरवाकर जमा कराए जाएं। फर्जी मतदाताओं का नाम सूची से बाहर कराया जाए। इसका फायदा भाजपा को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने 26 हजार से ज्यादा बूथ कमेटियों के गठन और उनके सत्यापन की जानकारी ली है। सरकारी योजनाओं का लाभ जिन्हें नहीं मिला है, उनके नाम अफसरों को बताएं।

कार्यकर्ता हर जरूरतमंद को मदद उपलब्ध कराने का काम कर सकते हैं। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महामंत्री संगठन रत्नाकर, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह, दयाशंकर सिंह, उपेंद्र दत्त शुक्ला, महामंत्री सहजानंद राय, देवेंद्र यादव, संतराज यादव, चिरंजीव चौरसिया, राहुल श्रीवास्तव, अरुण शुक्ला, जनार्दन तिवारी, दुर्गविजय राय, विनोद दुबे, जयनाथ सिंह, डॉ अंतरयामी सिंह, जयप्रकाश शाही, लालजी त्रिपाठी, सेतभान राय और पवन कसौधन मौजूद रहे।

हर लोकसभा क्षेत्र में निकलेगी बाइक रैली

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 नवंबर को गोरखपुर सहित यूपी के सभी लोकसभा क्षेत्रों में बाइक रैली निकाली जाएगी। हर बूथ पर पांच बाइक सवार कार्यकर्ता हैं। रैली में मंत्री, भाजपा के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। बाद में 150-150 नेता, कार्यकर्ताओं की टोली बनेगी। यह टोली रोजाना 10 किलोमीटर की पदयात्रा करेगी। 15 दिन की पदयात्रा में 150 किलोमीटर की दूरी तय की जानी है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई जाएंगी।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com