सीएम योगी आज गोरखपुर और कुशीनगर को देंगे 1283 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

कुशीनगर में 464 और गोरखपुर में 24 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास, भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क जनता को होगी समर्पित

गोरखपुर/कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पूर्वांचल के दो महत्वपूर्ण जिलों गोरखपुर और कुशीनगर को कुल 1283 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 परियोजनाओं तथा गोरखपुर में 758 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री सबसे पहले कुशीनगर के टेकुआटार में आयोजित कार्यक्रम में रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे और विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।

दोपहर बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर के भटहट-बांसस्थान पहुंचकर करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फोरलेन सड़क सहित विभिन्न विकास कार्य जनता को समर्पित करेंगे। यह सड़क क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय तक आवागमन को भी अधिक सुगम बनाएगी।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण भी करेंगे। वहीं रविवार को वह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर प्रदेशव्यापी महाअभियान का संदेश देंगे।

Related Articles

Back to top button