नोएडा में डीएम ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी

ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप; पूरे परिसर की छानबीन जारी; अलर्ट पर प्रशासन

नोएडा। नोएडा में जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय को सोमवार को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (BDS), डॉग स्क्वाड, फायर ब्रिगेड और एंटी-सबोटाज (AS) टीम मौके पर पहुंची। सभी टीमों ने डीएम कार्यालय परिसर की सघन तलाशी ली।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्यालय के सभी कमरों और परिसर की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। जांच के बाद स्थिति सामान्य पाई गई और कार्यालय का कामकाज भी सामान्य रूप से जारी रहा। धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर टीम को जांच में लगाया है। ई-मेल किस आईडी से भेजा गया, उसका स्रोत क्या है और इसे भेजने वाले की पहचान क्या है, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है। फिलहाल डीएम कार्यालय में किसी तरह का कोई खतरा नहीं मिला है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Related Articles

Back to top button