
गोंडा। प्रदेश में नकली और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोंडा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बिना लाइसेंस संचालित तीन अवैध औषधि गोदामों पर छापेमारी कर करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य की नारकोटिक दवाएं, कोडीन युक्त कफ सिरप तथा अन्य एलोपैथिक औषधियां बरामद कर सीज कर दी गईं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मुख्यालय, लखनऊ से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर 16 से 18 जुलाई तक जनपद के बरियार पुरवा, सोनार गली और बड़गांव क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में प्रदेश के नौ जनपदों से पहुंचे औषधि निरीक्षकों की टीम के साथ स्थानीय पुलिस बल भी शामिल रहा।

जांच की शुरुआत गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित जयनगरा, बड़गांव में संचालित बताए गए अमन फार्मास्युटिकल्स से की गई। मौके पर पहुंचने पर टीम को फर्म निर्धारित पते पर संचालित नहीं मिली और वहां किसी प्रकार का साइन बोर्ड भी नहीं लगा था। इसके बाद अधिकारियों ने पूछताछ करते हुए फर्म संचालक अमन कसौधन के आवास पर पहुंचकर जांच आगे बढ़ाई।
पूछताछ के दौरान अमन कसौधन के भाई शिवम कसौधन ने बताया कि वह अपने भाई के साथ बरियार पुरवा स्थित एक स्थान से औषधियों का कारोबार करता है। उसने यह भी स्वीकार किया कि उनके पास दवा कारोबार संचालित करने के लिए कोई वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं है। इसके बाद संयुक्त टीम ने आगे की कार्रवाई शुरू करते हुए संबंधित स्थानों की तलाशी ली।


