एपी बांध का एसडीएम ने किया दौरा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

सेवरही, कुशीनगर | नारायणी नदी का डिस्चार्ज घटने के साथ ही एपी बांध पर नदी का दबाव बढ़ गया है। इसकी सूचना मिलते ही तमकुहीराज की उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा ने सोमवार को एपी बांध व नरवाजोत बांध का दौरा कर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बांध के संवेदनशील पॉइंटों का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि सिंचाई विभाग द्वारा कराया जा रहा परियोजना का पूरा कार्य अधूरी स्थिति में है। कार्य में लापरवाही देखकर एसडीएम ने नाराजगी जताई और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि अधूरे पड़े कार्य को अविलंब पूरा किया जाए।

स्थानीय लोगों ने एसडीएम को बताया कि नारायणी नदी में पानी कम होने से बांध पर दबाव बढ़ गया है, जिससे अगल-बगल के लोगों में भय व्याप्त है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समय से काम शुरू न होने के कारण अब तक कोई कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। इतना ही नहीं विभाग ने बांध के कुछ हिस्से का उच्चीकरण कराया था, लेकिन स्लोप ठीक से न बनाए जाने के कारण पूरा बांध रेनकट में तब्दील हो चुका है।

एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात के मद्देनजर बांध की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button