
सीतापुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद का मंगलवार को पटाक्षेप हो गया। प्रशासन ने टाउन हॉल परिसर के एक भवन का विधिवत कब्जा लेकर उसे नगर पालिका परिषद को सौंप दिया।बताया जा रहा है कि इस भवन पर नरेश गुप्ता का कब्जा था। नगर पालिका ने पूर्व में उन्हें पट्टा आवंटित किया था, जिसकी अवधि समाप्त होने के बाद भवन खाली करने का नोटिस जारी किया गया। नोटिस के खिलाफ नरेश गुप्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। हाईकोर्ट ने 10 जुलाई को अपने आदेश में दो सप्ताह के भीतर भवन खाली करने के निर्देश दिए थे। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नरेश गुप्ता ने अपने अधिवक्ता संदीप सिन्हा की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष भवन का कब्जा नगर पालिका परिषद को सौंप दिया। इसके बाद प्रशासन ने भवन को अपने कब्जे में लेकर नगर पालिका के सुपुर्द कर दिया। अब नगर पालिका द्वारा इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और जन उपयोग से जुड़े कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है।



