श्रावण के पहले दिन काशी विश्वनाथ धाम में बिछड़ी महिला श्रद्धालु परिजनों से मिली

वाराणसी। श्रावण मास के प्रथम दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अपने सहयोगी दल से बिछड़ी एक महिला श्रद्धालु को मंदिर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उनके परिजनों से मिला दिया।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के झुंझुनू जिले की निवासी श्रीमती संजना गोयल भगवान श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए अपने सहयोगियों के साथ धाम आई थीं। दर्शन के दौरान भीड़ में वह अपने साथियों से बिछड़ गईं। इसकी सूचना मिलते ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

मंदिर प्रशासन ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर महिला श्रद्धालु के पुत्र से दूरभाष पर संपर्क स्थापित किया और परिजनों को पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद महिला श्रद्धालु को सुरक्षा और सम्मान के साथ उनके परिजनों तक सकुशल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धाम में हेल्पडेस्क, सूचना केंद्र, खोया-पाया केंद्र सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 24 घंटे संचालित की जा रही हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Back to top button