मिशन शक्ति: छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक

महर्षि संदीपनी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को कानूनी अधिकार, गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा की दी जानकारी

वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को गोमती जोन पुलिस की ओर से जंसा थाना क्षेत्र स्थित महर्षि संदीपनी विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब वीर सिंह, थाना प्रभारी जंसा सत्यजीत सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी सहित महिला पुलिसकर्मी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के बारे में जानकारी दी।

छात्राओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और उत्पीड़न से बचाव, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा तथा विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ सामना करने के तरीके बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को “खुलकर बोलो, चुप्पी तोड़ो” का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें और परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को तत्काल जानकारी दें।

ओटीपी और पासवर्ड साझा न करने की सलाह

कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। निजी जानकारी और फोटो सोशल मीडिया पर साझा करते समय सावधानी बरतने को कहा गया। साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।

पुलिस ने छात्राओं को आपात स्थिति में 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के उपयोग के बारे में भी बताया। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और विचार सुने। पुलिस टीम ने छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button