ऑपरेशन चक्रव्यूह में फंसा बाइक चोर गिरोह, तीन गिरफ्तार; 10 चोरी की बाइक बरामद

कैंट पुलिस ने डीएम कंपाउंड के पीछे निर्जन स्थान से दबोचा, आरोपियों पर वाराणसी के कई थानों में मुकदमे दर्ज

वाराणसी । कैंट पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वाराणसी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के दौरान कैंट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगलवार को करीब 12:10 बजे कैंट थाना क्षेत्र स्थित डीएम कंपाउंड के पीछे निर्जन स्थान पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष कुमार (19), निवासी गौरा प्रेमनगर भोपापुर, थाना चोलापुर; अरविंद उर्फ किशन (21), निवासी बीन बस्ती, थाना मंडुवाडीह और ओम केसरी (20), निवासी रसूलगढ़, थाना सारनाथ के रूप में हुई है।

दो बाइक चोरी की शिकायत से खुला मामला

पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त को कैंट थाने में दीपक पटेल और रामेश्वर तिवारी ने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में सुराग मिला और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से कुल 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद बाइकों के संबंध में पुलिस अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से भी उनका मिलान कर रही है।

कई मुकदमों में दर्ज है आरोपियों का नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कैंट और शिवपुर थानों में चोरी और चोरी की संपत्ति से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 के मामले भी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की मोटरसाइकिलों की बिक्री के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक सत्यम यादव, महिला उपनिरीक्षक संजना सिंह, कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय, बुद्धिसागर मिश्रा और रिजर्व कांस्टेबल राकेश कुमार भारती शामिल रहे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button