कुशीनगर। इस जिले की पड़रौना तहसील के बेतिया गांव के छः वर्षीय अल्फाज ने इंसानियत , मासूमियत एवं दरियादिली की अनूठी मिसाल पेश की है । इस बालक ने अपने गुल्लक में एक साल में जमा किये गए धन को नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए असज जिलाधिकारी को सौंप कर लोगों को चकित एवं इंसानियत के लिए सोंचने पर मजबूर कर दिया ।
इमरान अली सिद्दीकी के छः वर्षीय मासूम पुत्र अल्फाज शेख ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी गुल्लक में एकत्रित समस्त धनराशि नेपाल बाढ़ पीड़ितों की सहायता हेतु सौप दी । उसने
जिलाधिकारी को बताया कि उसे टीवी व सोशल मीडिया के माध्यम से देखने को मिला कि नेपाल में आई बाढ़ से काफी लोग अपनी जान-माल गंवा चुके हैं। जिसे देखकर उसने तय किया कि पिछले एक वर्ष से उसके द्वारा गुल्लक में जमा की गई धनराशि को बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दे दी जाए। अल्फाज ने डीएम से लिखित निवेदन किया है कि गुल्लक में एकत्र धनराशि को जिला प्रशासन के माध्यम से उचित व अधिकृत राहत कोष में जमा करा दिया जाए ।



