समाज के विकास के लिए छात्रों में स्वतंत्र चिंतन जरूरी : डॉ. प्रदीप राय

विद्यावती देवी महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह

तमकुहीराज (कुशीनगर) समाज के विकास के लिए छात्रों में स्वतंत्र चिंतन की भावना विकसित करना और उनकी गरिमा की रक्षा करना बेहद जरूरी है। छात्र केवल किसी संस्थान के विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश के सचेत नागरिक हैं। उन्हें अपने विचार व्यक्त करने, तर्क करने और अपनी बात गरिमापूर्ण तरीके से रखने की पूरी स्वतंत्रता है। यही लोकतंत्र और हमारी कानूनी व्यवस्था की खूबसूरती है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता और स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करती है।

उक्त बातें शनिवार को तमकुहीराज स्थित विद्यावती देवी महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप राय ने कहीं। उन्होंने कहा कि अध्ययन के दौरान विद्यार्थियों को ज्ञान अर्जित करने के साथ ही संविधान की मूल भावना को समझना चाहिए। कानून के प्रति निष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना भी उनकी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रदीप राय ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से सोचने, सवाल पूछने, तर्क के आधार पर अपनी बात रखने तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं सेवरही के पूर्व विधायक डॉ. पीके राय ने कहा कि कानून को समझना बेहद महत्वपूर्ण है। युवा जितने अधिक शिक्षित और जागरूक होंगे, समाज तथा देश की तरक्की का रास्ता उतना ही प्रशस्त होगा। उन्होंने डॉ. प्रदीप राय का उदाहरण देते हुए कहा कि वे इसी क्षेत्र में पले-बढ़े और संघर्ष के बल पर आज देश के शीर्ष स्थानों में अपनी पहचान स्थापित की है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है।

तमकुही स्टेट के शौर्य प्रताप शाही, एपीएन न्यूज के विनय राय, पडरौना नगर पालिका के चेयरमैन राजन जायसवाल तथा शिक्षक नेता शैलेन्द्र दत्त शुक्ला सहित अन्य वक्ताओं ने भी समारोह को संबोधित किया। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवाओं की भूमिका और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार रखे। समारोह के दौरान महाविद्यालय में रंगोली निर्माण में भाग लेने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप राय ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने छात्राओं की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप राय सहित मंचासीन अतिथियों को महाविद्यालय के प्रबंधक बबलू राय ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में फाजिलनगर के भाजपा विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा, नगर पंचायत फाजिलनगर की चेयरमैन सुनीता शाही, सपा नेता संजय गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी मो0 इलियास अंसारी, रामअवध यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, चंद्रप्रकाश यादव चमन, राणा प्रताप सिंह, एडवोकेट संजीव राय, अमरनाथ सिंह, विनय तिवारी, सुधीर सिंह, गुड्डू राय, मार्कण्डेय सिंह, पवन गिरी, मोतीलाल प्रसाद, राजेश यादव, राणा प्रताप मिश्रा, प्रधानाचार्य डॉ. अभय राय, शिखा राय, मीरा राय, सुनीता शाहनी और सुप्रिया यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

पत्रकारों को भी किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को महाविद्यालय के प्रबंध।कमेटी केउपाध्यक्ष व पत्रकार रमेश चंद्र यादव ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से पत्रकारों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

अंत में महाविद्यालय के प्रबंधक बबलू राय ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों और आमंत्रण पर पहुंचे लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राधेश्याम त्यागी ने किया।

Related Articles

Back to top button