
सेवरही, कुशीनगर। तमकुही रोड स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में नवरात्रि एवं विजयदशमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और भारतीय संस्कृति की छटा से सराबोर रहा। विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर रणवीर जायसवाल और प्रधानाचार्य रंजीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कोऑर्डिनेटर अंश द्विवेदी, कोऑर्डिनेटर मंदाकिनी मिश्रा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनमोहक झांकी रही। छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी के रूप में सज-धज कर आए तो पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। बच्चों की वेशभूषा देखते ही बन रही थी। इसके बाद विद्यार्थियों ने डांडिया नृत्य समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर भारतीय परंपराओं की छटा बिखेरी। ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चों ने जमकर गरबा किया।
कार्यक्रम के अंत में रावण दहन का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि हमें अपने जीवन से अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सत्य, सदाचार एवं नैतिक मूल्यों को अपनाना चाहिए। रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।
विद्यालय के प्रबंधक रणवीर जायसवाल ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना तथा उनमें अच्छे संस्कार विकसित करना है। पूरा कार्यक्रम उत्साह और उमंग के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



