कुशीनगर । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के तीसरे दिन पडरौना शहर में परंपरागंत डोल मेला बीती रात से शुरू होकर आज सुबह संपन्न हो गया। बेशक डोल मेला धार्मिक परंपरा, लोक संस्कृति और सामूहिक आस्था का प्रतीक माना जाता है। लेकिन हर बार की तरह इस बार भी सेवरही के डॉ मेले की तर्ज पर आस्था की चौखट पर भक्ति के गीतों की जगह आर्केस्ट्रा का शोर , फूहड़ गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम की जगह नर्तकियों के कथित अश्लील नृत्य ने डोल मेले की मर्यादा को तार – तार कर दिया ।
बीते वर्षों की तरह इस बार भी पडरौना नगर के छावनी, सुभाष चौक, बेलवा चुंगी, कसेरा टोली, तुरहा टोली, दरबार रोड, तिलक चौक तुरहाटोली आदि मोहल्लों के अखाड़ों के खिलाड़ी भगवान श्रीकृष्ण की डोल की पूजा-अर्चना के बाद रात के साढे दस बजे से नगर भ्रमण के लिए निकल पड़े। अखाड़ा दल आर्केस्ट्रा के साथ शहर के मुख्य सड़को से होते हुए विभिन्न मुहल्लों का भ्रमण करने के बाद नगर के सुभाष चौक पहुंचे और वहां से प्रमुख मार्गों से होकर शहर का भ्रमण किये। लोगों ने जगह-जगह डोल की झांकियों में सजी भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियों की विधिवत पूजा-अर्चना की। डोल मेला मे आर्केस्ट्रा नर्तकियो के अश्लील व फूहड़ नृत्यगान पर प्रतिबंध के बाद भी पिछले साल की तरह इस बार भी डोल मेला मे भक्ति गीतो की बजाय अश्लीलता का फूहड़ प्रदर्शन किया । नतीजा यह रहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आर्केस्ट्रा सजाकर रातभर कार्यक्रम चलता रहा। उसके पीछे युवाओं की भीड़ भी चलती रही और नर्तकियां नृत्य करती रही।आर्केस्ट्रा में शामिल नर्तकियों ने ऐसे नृत्य और प्रस्तुतियां की, जिन्हें धार्मिक आयोजन की गरिमा के अनुरूप नहीं माना जा सकता। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि सभी के सामने यह सब होता रहा तो इसे रोकने की कोशिश क्यों नहीं की गई?
डोल मेला महज मनोरंजन का मंच नहीं है। यह भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्ति और सनातन परंपरा से जुड़ी धार्मिक विरासत माना जाता है। ऐसे आयोजन में लोकगीत, भजन, धार्मिक झांकियां और पारंपरिक प्रस्तुतियां हों , तो वह संस्कृति पुष्ट होती है । लेकिन जब धार्मिक जुलूस में अश्लील गीत और आपत्तिजनक नृत्य हावी हो जाएं तो सवाल सिर्फ मनोरंजन का नहीं, बल्कि धार्मिक मर्यादा का बन जाता है।। श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था के पर्व को मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता का मंच बना देना , किसी भी स्थिति में उचित नहीं कहा जा सकता। सबसे गंभीर सवाल आयोजन समितियों की भूमिका को लेकर है। यदि आर्केस्ट्रा में आपत्तिजनक गीत और नृत्य प्रस्तुत किए जा रहे थे, तो आयोजकों ने उन्हें रोकने की पहल क्यों नहीं की? क्या कार्यक्रम की पहले से कोई निगरानी व्यवस्था थी? क्या आयोजकों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि धार्मिक जुलूस में किस तरह की प्रस्तुति होनी चाहिए? सब कुछ सभी की आंखों के सामने हुआ । फिर भी कार्यक्रम चलता रहा, तो इसे महज ‘मनोरंजन’ कहकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता । डोल मेला में आने वाले श्रद्धालुओं में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। ऐसे में धार्मिक जुलूस के दौरान खुलेआम फूहड़ गीत और आपत्तिजनक नृत्य का प्रदर्शन सामाजिक रूप से भी गंभीर सवाल पैदा करता है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को धार्मिक आयोजनों की अनुमति देते समय केवल भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर ही नहीं, बल्कि कार्यक्रम की मर्यादा और स्वरूप पर भी नजर रखनी चाहिए।
आस्था से जुड़े लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले में आयोजित होने वाले डोल मेलों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। धार्मिक जुलूसों में अश्लील गीत, फूहड़ नृत्य और आपत्तिजनक प्रस्तुतियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।क्योंकि सवाल सिर्फ एक मेले का नहीं है। सवाल यह है कि क्या हमारी धार्मिक परंपराओं को मनोरंजन के नाम पर धीरे-धीरे अपनी मूल पहचान खोने दिया जाएगा? भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव प्रेम, भक्ति, संस्कार और धर्म की विजय का पर्व है। ऐसे पवित्र अवसर पर यदि आस्था के बीच अश्लीलता के ठुमके लगेंगे, तो सवाल उठेंगे ही। डोल की परंपरा बचानी है तो भक्ति की मर्यादा भी बचानी होगी। वरना आने वाली पीढ़ी डोल मेले को धार्मिक परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि आर्केस्ट्रा और फूहड़ मनोरंजन के आयोजन के रूप में याद करेगी।
टकटकी लगाये करते रहे दायित्वों का निर्वहन
मजे की बात यह है कि पुलिस और पीएसी के जवान सभी धार्मिक डोल व अखाड़ों के साथ मुस्तैदी से तैनात रहे और विभिन्न अखाड़ा समितियो द्वारा बाहर से बुलाये गये आर्केस्ट्रा मे नर्तकियो के फूहड नृत्य के जरिए परोसी जा रही अश्लीलता को मुस्तैद खाकी के जवान टकटकी लगाये देखते रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे । डोल मेला मे पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने समस्त डोल समिति व अखाड़ा मंडल के बीच उपस्थित होकर व्यवस्था का जायजा लिया और नगर पालिका प्रशासन की ओर हर संभव आवश्यक सुविधा एवं संसाधन उपलब्ध कराया । उन्होंने सभी समितियों से कहा कि परम्परागत डोल मेला में किसी चीज की कमी नही होगी । वह व्यक्तिगत रुप से हर समिति के सहयोग में तन, मन धन के साथ खडे रहे। बता दें कि नपा द्वार डोल झाँकियों वाले प्रमुख मार्गों की विशेष साफ सफाई, बिजली व्यवस्था के साथ पानी टैंकर की व्यवस्था की गयी थी। इसके साथ धूल मिट्टी की समस्या से बचने के लिए सडको पर टैंकर से पानी का छिड़काव कराया गया था। मेला के दौरान नपा के जलकल परिसर मे भक्तजनों और श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार व जलपान के साथ मेडिकल किट की व्यवस्था भी श्री जायसवाल द्वारा कराया गया था। उन्होंने मेला के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, नपाकर्मियों, पुलिस प्रशासन सहित आमजन को धन्यवाद भी ज्ञापित किया। इस अवसर पर नपाध्यक्ष के प्रतिनिधि मनीष जायसवाल के अलावा उनके अन्य सहयोगी जन भी मौजूद रहे।



