भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा पाण्डेय ने दिया इस्तीफा

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष के सम्मान में नहीं होगी कोई कमी: भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय

कसया, कुशीनगर।  भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा पाण्डेय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र जिलाध्यक्ष भाजपा कुशीनगर को प्रेषित किया है।

शनिवार को जिलाध्यक्ष कुशीनगर को भेजे अपने त्यागपत्र में श्रीमती पाण्डेय ने लिखा है कि वे विगत लगभग 10 वर्षों से संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य कर रही हैं। वर्ष 2018 से अब तक महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के रूप में उन्होंने घर, व्यवसाय और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों की परवाह किए बिना पार्टी को मजबूत करने का काम किया। उन्हें विश्वास था कि वर्षों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण को मुख्य संगठन में उचित सम्मान और जिम्मेदारी मिलेगी, लेकिन महिला मोर्चा में ही लगातार जिम्मेदारी निभाने के बावजूद मुख्य संगठन में स्थान नहीं मिल सका। आरोप लगाया कि उन्हें यह कहकर समझाया गया कि “आप ब्राह्मण हैं इसलिए आपको जगह नहीं मिल पाई।” यह बात बेहद पीड़ादायक रही और भीतर तक आहत किया। उन्होंने लिखा है कि उन्होंने कभी जाति या व्यक्तिगत लाभ के लिए कार्य नहीं किया, बल्कि विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाई। आज मन बहुत दुखी है, लेकिन पार्टी से संबंध और विचारधारा के प्रति निष्ठा बनी रहेगी, वह पार्टी हित में योगदान आगे भी देती रहेंगी, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पद पर बने रहना संभव नहीं है। इस संबंध में जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि श्रीमती पांडेय भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी में उनका हमेशा सम्मान है और उनके सम्मान में कोई कमी नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button