
रायबरेली/बछरावां |जस्टिस मोर्चा द्वारा शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समान अवसर के सवालों को लेकर 20 अगस्त को गोरखपुर के चौरी चौरा से शुरू की गई जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अपने 39वें दिन रायबरेली शहर से शुरू होकर हरचंदपुर होते हुए बछरावां पहुँची।
यात्रा के दौरान यात्रियों ने रास्ते में छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से संवाद किया तथा शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के लिए अवसरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। यात्रा का उद्देश्य अलग-अलग जिलों में युवाओं की समस्याओं और उनकी आवाज़ को सामने लाना है।
जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अब अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी है। 30 सितंबर को यात्रा लखनऊ के तेलीबाग से शुरू होकर काकोरी जाएगी। इसके बाद 1 अक्टूबर को गांधी भवन के कस्तूरबा सभागार में “जेन ज़ी कनेक्ट लखनऊ” सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से जुड़े युवा, छात्र और सामाजिक आंदोलनों के साथी शामिल होंगे।
यात्रा का समापन 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन लखनऊ में होगा। इस दिन यात्रा परिवर्तन चौक से शुरू होकर गांधी प्रतिमा, हज़रतगंज पहुँचेगी, जहाँ “जेन ज़ी जनसुनवाई” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जनसुनवाई में युवाओं, छात्रों और विभिन्न जन आंदोलनों से जुड़े साथियों द्वारा आंदोलनों के अनुभव साझा करेंगे।
जस्टिस मोर्चा ने कहा कि जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य केवल यात्रा करना नहीं, बल्कि युवाओं के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना, संवाद स्थापित करना और शिक्षा, रोजगार तथा लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाना है। लखनऊ में होने वाले दोनों कार्यक्रम इसी संवाद और जनभागीदारी को आगे बढ़ाने की कड़ी हैं।
जस्टिस मोर्चा ने छात्रों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नागरिक समाज और जन आंदोलनों से जुड़े सभी साथियों से 1 और 2 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।



