जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों मे राहत एवं पुनर्वास के कार्यों में तेजी लायेगा प्रशासन

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिया माइक्रो प्लान तैयार करने का निर्देश

कुशीनगर । कलेक्ट्रेट के सभागार में आज जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता मे आयोजित रही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत एवं अन्य आवश्यक कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई । जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की माइक्रो लेवल पर प्लानिंग तैयार करने का निर्देश दिया । उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्वास के कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से तेजी से किये जाने की जरीरत है ।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य कैंप लगाने, गांव-गांव जाकर लोगों का उपचार करने तथा आवश्यक दवाओं, क्लोरीन की गोलियों सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों तक लाकर आवश्यक उपचार, टीकाकरण एवं सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ से प्रभावित सड़कों, खड़ंजों, नालियों एवं गड्ढों की मरम्मत निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को विद्युत पोल, जर्जर तार एवं ट्रांसफार्मर आदि को दुरुस्त कर प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु एवं सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को प्राथमिकता के आधार पर गन्ना, धान, केला आदि फसलों को हुई क्षति का वास्तविक एवं पारदर्शी सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रभावित किसानों को आगामी फसलों के लिए सरसों, राई एवं मसूर के बीज उपलब्ध कराने हेतु बुकिंग प्रक्रिया प्रारंभ कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र प्रभावित व्यक्ति तक पूरी निष्पक्षता, ईमानदारी एवं उदारता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को अभियान चलाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भूसा उपलब्ध कराने, टीकाकरण कराने तथा बीमार पशुओं का समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निकायों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को उप जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात के समय कार्यस्थलों एवं आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था कराने को भी कहा।

जिलाधिकारी श्री चौहान ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यकता के अनुसार प्रभावित परिवारों को राशन का वितरण सुनिश्चित करने तथा अन्नपूर्णा भवनों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। डीपीओ/आईसीडीएस को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सैम/मैम श्रेणी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा आवश्यक उपचार एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे प्रत्येक कार्य का माइक्रो प्लान तैयार करने के साथ जियो-टैग फोटो एवं समुचित डॉक्यूमेंटेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगाए गए कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कराने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री बंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पवन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश, संबंधित उप जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी तथा विद्युत, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button