
भरथना, इटावा। कृषि उत्पादन मंडी समिति में फसल बेचकर घर लौट रहे किसान की जेब काटकर 48 हजार रुपये पार करने के मामले में घटना के दूसरे दिन भी भरथना पुलिस के हाथ खाली रहे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। वहीं, पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के मंडी रोड पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे टप्पेबाजी की यह घटना हुई। ग्राम रमायन निवासी किसान तुलाराम शाक्य मंडी समिति में अपनी फसल बेचकर मिले 48 हजार रुपये लेकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें झांसे में लेकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि इसी बीच युवकों ने उनकी जेब में रखी नकदी पार कर दी। इसके बाद दोनों युवक किसान को कुछ दूरी पर उतारकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित किसान तुलाराम शाक्य के मुताबिक, उन्होंने मंडी समिति में गंगानारायण तिवारी की आढ़त पर अपनी फसल बेची थी। फसल बिक्री से मिले 48 हजार रुपये उन्होंने अपनी जेब में रखे थे। मंडी से बाहर निकलकर घर जाते समय बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें अपनी बातों में उलझाकर बाइक पर बैठा लिया। मंडी रोड पर कुछ दूरी पर उतारे जाने के बाद जब किसान ने अपनी जेब टटोली तो नकदी गायब मिली और जेब कटी हुई थी। जेब से रकम गायब देखकर किसान घबरा गए और सड़क किनारे गिरकर अचेत हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और होश में आने के बाद पुलिस से शिकायत करने के लिए भेजा।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। मंगलवार को भी पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही, ताकि बाइक सवार युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। हालांकि, घटना के दूसरे दिन तक आरोपियों का सुराग नहीं लग सका था। पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
भरथना संवाददाता गौरव गुप्ता



