
भारत के राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. देशभर में अब तक HPV वैक्सीन की 1 करोड़ से ज्यादा खुराकें लगाई जा चुकी हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि वैक्सीन की हर खुराक बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और उनके स्वस्थ भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक अहम कदम है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि निवारक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अभियान से जुड़े सभी हितधारकों के प्रयासों की सराहना भी की.
9 महीने से कम समय में 87 फीसदी लक्ष्य पूरा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान ने शुरू होने के नौ महीने से भी कम समय में 1 करोड़ खुराक लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है. यह इस साल के निर्धारित लक्ष्य का करीब 87 फीसदी है.
इस अभियान के तहत 14 साल की लड़कियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए सालाना करीब 1.15 करोड़ से 1.2 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया था. सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सुरक्षा प्रदान करना है.
HPV टीकाकरण में उत्तर प्रदेश सबसे आगे
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश टीकाकरण के मामले में देश में पहले स्थान पर है. यहां अब तक 29.33 लाख से ज्यादा लड़कियों को HPV वैक्सीन लगाई जा चुकी है. बिहार 13.70 लाख से अधिक टीकाकरण के साथ दूसरे और गुजरात 7.75 लाख के आंकड़े के साथ तीसरे स्थान पर है.
इन 6 राज्यों ने पूरा किया 100 फीसदी लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के मुताबिक, देश के छह राज्यों ने अपने निर्धारित टीकाकरण लक्ष्य का 100 फीसदी काम पूरा कर लिया है. इनमें गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार शामिल हैं.
क्या है HPV वैक्सीन और क्यों जरूरी है?
HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमावायरस एक ऐसा वायरस है, जिसके कुछ प्रकार सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकते हैं. यह कैंसर गर्भाशय ग्रीवा यानी बच्चेदानी के मुंह को प्रभावित करता है. HPV वैक्सीन इस वायरस के उन प्रकारों से बचाव में मदद करती है, जो सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार होते हैं. इसीलिए कम उम्र में निर्धारित आयु के अनुसार टीकाकरण को कैंसर से बचाव की महत्वपूर्ण रणनीति माना जाता है.



