“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें – मनोज कुमार पाण्डेय

लखनऊ | प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री मनोज कुमार पाण्डेय ने आज जवाहर भवन स्थित मुख्यालय, लखनऊ से प्रदेशभर के खाद्य एवं रसद विभाग तथा वन विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक में प्रदेश के सभी क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी), क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएमओ), जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ), जिला खाद्य विपणन अधिकारी (डीएफएमओ) तथा वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े करोड़ों लाभार्थियों को भी इस महाअभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सके।

श्री मंत्री ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम” केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाए। वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़कर इसे व्यापक जनसहभागिता का अभियान बनाया जाए। साथ ही विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निरंतर निगरानी करते हुए अधिकाधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि खाद्य विभाग के अधिकारी लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी कर 15 दिनों के भीतर यह रिपोर्ट उपलब्ध कराएँ कि पौधा सुरक्षित एवं स्वस्थ है।

श्री मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान तथा पर्यावरण संबंधी चुनौतियों का प्रभावी समाधान वृक्षारोपण और हरित आवरण में वृद्धि से ही संभव है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

श्री मंत्री ने जानकारी दी कि वे स्वयं जनपद प्रतापगढ़ एवं रायबरेली में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रमों में शिरकत कर अभियान को गति देंगे तथा आमजन से भी इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील करेंगे।

बैठक में वन विभाग के मिशन निदेशक (वृक्षारोपण) श्री राम कुमार, अपर आयुक्त खाद्य एवं रसद श्री कामता प्रसाद, अपर आयुक्त श्री सत्यदेव सहित खाद्य एवं रसद तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए आवश्यक रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

एक पेड़ माँ के नाम” — माँ के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति समर्पण और हरित भविष्य के निर्माण का जनसंकल्प।

Related Articles

Back to top button