
कुशीनगर। शिवपुर बुजुर्ग क्षेत्र के लोगों को जल्द ही बैंकिंग सुविधाओं की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक के प्रयासों से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शाखा खुलने से क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बैंक की ओर से शाखा संचालन के लिए लगभग 800 से 1000 वर्गफुट भवन की आवश्यकता जताते हुए इच्छुक भवन स्वामियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। शाखा शुरू होने के बाद लोगों को जमा-निकासी, कृषि ऋण, पेंशन, सरकारी योजनाओं का लाभ तथा डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाओं के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक शाखा खुलने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आमजन को समय व खर्च दोनों की बचत होगी।
शाखा खोलने की प्रक्रिया शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक पी.एन. पाठक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनसुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



