सड़क हादसे में किशोर की मौत, परिजनों में कोहराम

हथनौली गांव के पास हाईवे किनारे घायल मिला किशोर, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

भरथना,इटावा । थाना क्षेत्र के इटावा-कन्नौज हाईवे पर हथनौली गांव के समीप शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इकदिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेर निवासी 16 वर्षीय रयान पुत्र नदीम इकदिल में एक डॉक्टर के यहां सैंपल लेने का काम करता था। शुक्रवार सुबह वह किसी काम से घर से निकला था। दोपहर करीब 12 बजे वह इटावा-कन्नौज हाईवे पर हथनौली गांव के समीप गंभीर घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला।

स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद पुलिस तथा मृतक फ़ाइल फोटो

सूचना पर एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। कुछ देर बाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे पिता नदीम ने शव की पहचान अपने बेटे रयान के रूप में की। मृतक के पिता इकदिल में बिजली फिटिंग का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां संजीदा बेगम समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने रयान की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

रिपोर्ट : सुबोध श्रीवास्तव भरथना

Related Articles

Back to top button