
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राम मंदिर जाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एबीपी न्यूज़ शिखर सम्मेलन में उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी राम मंदिर जाएंगे। इस पर मसूद ने कहा, “उनकी मर्जी।”
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी के मंदिर जाने से उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा, “राम को ढूंढने की जरूरत नहीं है, राम मन में हैं। राम प्रेम का प्रतीक हैं। राम, हनुमान के सीने में मिलेंगे।”
सपा के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे पर नाराजगी
इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि गठबंधन में गरिमा होनी चाहिए। अगर दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही हो और सीटों की सूची प्रेस के माध्यम से सामने आए, तो यह उचित नहीं है। मसूद के मुताबिक, कांग्रेस ने 26 सीटों की सूची को स्वीकार नहीं किया था।
उन्होंने कहा कि 2024 में गठबंधन के बाद उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीती थीं। मसूद ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश ने समझा कि राहुल गांधी ही बीजेपी से लड़ सकते हैं। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान कांग्रेस कम सीटों पर रह गई थी और गठबंधन ने पांच सीटें जीती थीं।
सीटों की सूची जारी करने को लेकर तंज कसते हुए मसूद ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी सूची जारी कर रही है, तो वह 403 सीटों की सूची भी जारी कर सकती है। आगे बातचीत कब होगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी तय करेगी और अभी कोई तारीख निर्धारित नहीं हुई है।
‘गठबंधन में सहयोग होता है’
मसूद ने कहा कि गठबंधन में सहयोग होता है और कोई छोटा तो कोई बड़ा सहयोग करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत में गंभीरता नहीं है और कांग्रेस को सीटों की सूची के बारे में प्रेस के जरिए पता चला। महाराष्ट्र और बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र का चुनाव जय ज्ञानेश, बंगाल का चुनाव जय ज्ञानेश।” उन्होंने आगे कहा, “खामोशी बेसबब नहीं है, कुछ तो पर्दादारी है।”
‘मुसलमान फुटबॉल बना हुआ है’
मुसलमानों की राजनीतिक स्थिति पर इमरान मसूद ने कहा कि मुसलमान “फुटबॉल” बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान जिसे वोट देता है, वह उसे अपने साथ बैठाने से डरता है। मसूद ने कहा कि मुसलमानों को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है।
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को अपना छोटा भाई बताते हुए उन्होंने मायावती का भी जिक्र किया। मसूद ने कहा कि अगर मायावती कमरे से बाहर निकल जाएं तो प्रदेश की किस्मत बदल सकती है। उन्होंने कहा कि 2012 के बाद न जाने उन्हें क्या हुआ कि वह कमरे से बाहर ही नहीं आतीं। मसूद ने कहा, “हाथ के बिना न हाथी चलेगा और न साइकिल।”
‘कांग्रेस गठबंधन धर्म निभाएगी’
सीट बंटवारे को लेकर चल रही बैठकों पर सवाल उठाते हुए मसूद ने पूछा कि बैठक का मतलब क्या है और बातचीत किस तरह होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लिखा गया, काम उसके बिल्कुल उलट हुआ और इससे गलत संदेश गया। उनके मुताबिक, ऐसा करके विपक्ष बीजेपी की पिच पर जा रहा है।
राम मंदिर को लेकर अपनी बात दोहराते हुए मसूद ने कहा कि राम को ढूंढने की जरूरत नहीं है, राम मन में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन धर्म निभाएगी।



