सेवरही (कुशीनगर) | नगर पंचायत सेवरही के आजाद नगर निवासी मुशीर अहमद की भांजी और मड़ियाहूं नगर पंचायत अध्यक्ष रुखसाना कमाल फारूकी व कमाल फारूकी की बेटी फलक सामिया ने वह कर दिखाया है जो आज पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में करीब 15 माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 300 घंटे की सफल उड़ान पूरी कर फलक सामिया ने पायलट बनने का गौरव हासिल किया है। उन्हें मड़ियाहूं नगर की पहली महिला पायलट बताया जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से सेवरही और मड़ियाहूं दोनों क्षेत्रों में खुशी की लहर है। फलक सामिया ने बताया कि बचपन में हवाई यात्रा के दौरान एक महिला पायलट को देखकर उनके मन में विमान उड़ाने का सपना जागा था। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखनऊ से पूरी की, उसके बाद दिल्ली से डीजीसीए परीक्षा उत्तीर्ण की और अमेरिका के कैलिफोर्निया में फ्लाइंग प्रशिक्षण लिया। तकनीकी परीक्षाओं और नियमित उड़ान अभ्यास के बाद उन्होंने 300 घंटे की उड़ान पूरी की।
फलक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया। पायलट बनकर लौटने पर परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर फूल-माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया गया, जिसकी तस्वीर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
परिजनों ने कहा कि फलक सामिया आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं और यह संदेश देती हैं कि यदि परिवार का सहयोग मिले तो बेटियां भी अपने सपनों को ऊंची उड़ान दे सकती हैं। इस उपलब्धि पर पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक डॉ पीके राय,पूर्व विधायक कासिम अली, सपा नेता डॉ उदयनारायण गुप्ता, चेयरमैन सोनिया जायसवाल, पूर्व चेयरमेन त्रिभुवन प्रसाद जायसवाल, पूर्व चेयरमेन श्यामसुन्दर विश्वकर्मा, व्यापारी नेता अमरनाथ गुप्ता, विजय देवड़ा, शाकिर अली, सभासद अजय गुप्ता, पप्पू जायसवाल, आशीष वर्मा, प्रमोद मद्धेशिया आदि तमाम लोगों ने बधाई दिया है।



