सहारनपुर पर पहली रार: क्या अमेठी, रायबरेली पर अगली तकरार

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत में सहारनपुर में सीटों को लेकर पहली तकरार सामने आगयी है। सपा ने उन विधानसभा क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिन पर कांग्रेस पहले ही अपना दावा जता चुकी थी। ऐसा लगता है कि सपा ने अपने गठबंधन सहयोगी से सलाह तक नहीं ली।

पहली सूची में शामिल पांच उम्मीदवारों में से बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर से आशु मलिक के नाम घोषित किए गए हैं। दोनों पार्टियों के बीच बातचीत शुरू होने के महज दो दिन बाद ही इस कदम से गठबंधन की बातचीत पर दबाव आ गया है। ये दोनों विधानसभा क्षेत्र उन 181 सीटों की शुरुआती सूची में शामिल हैं, जिनकी मांग कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए की है। पार्टी सूत्र बताते हैं की इस बात को लेकर कांग्रेस में एक बड़ा खेमा विशेष तौर पर इमरान मसूद समर्थित, खासा नाराज है।

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद , जो यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं, ने इस घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हम कोई भिखारी नहीं हैं। हमने उनसे कोई सीट मांगी नहीं थी अभी चर्चा चल रही थी। ये सपा के कैंडिडेट हैं गठबंधन के नहीं।” उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इस कदम को “गैर-जिम्मेदाराना” करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की एकतरफा घोषणाएं आपसी भरोसे को कमजोर कर सकती हैं।

इमरान मसूद,पश्चिमी यूपी में विधानसभा सीटों का बड़ा हिस्सा कांग्रेस को दिलाने के लिए जोर दे रहे हैं। खबरों के अनुसार, कांग्रेस ने सहारनपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में से चार सीटें मांगी हैं, जिनमें वे सीटें भी शामिल हैं जहां अभी सपा के विधायक हैं। पार्टी का यह दावा उसके चुनावी इतिहास, संगठन की मौजूदगी और 2024 के लोकसभा चुनावों में किए गए प्रदर्शन पर आधारित है। दिसंबर में सहारनपुर से राहुल गांधी के यूपी अभियान की शुरुआत होने की योजना है, जिससे कांग्रेस नेतृत्व और इमरान मसूद के लिए इस जिले का राजनीतिक महत्व और भी बढ़ गया है।

सहारनपुर में सात विधानसभा सीटें हैं। इनमें से पांच सीटों पर अभी BJP का कब्जा है और दो सीटों पर SP का, जबकि कांग्रेस का यहां कोई विधायक नहीं है।
हालाँकि, विवाद के केंद्र में मौजूद इन दो सीटों पर कांग्रेस का अपना चुनावी इतिहास रहा है। 2017 के विधानसभा चुनावों में, पार्टी ने नरेश सैनी के ज़रिए बेहट सीट 25,586 वोटों के अंतर से जीती थी, और मसूद अख्तर के ज़रिए सहारनपुर सीट 12,324 वोटों से जीती थी।

कांग्रेस के लिए यह विवाद सिर्फ़ दो सीटों का नहीं है, बल्कि एक ऐसे क्षेत्र में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को फिर से मज़बूत करने का है जहाँ वह अपनी अहमियत वापस पाना चाहती है। सीट-बंटवारे की उसकी माँग केवल सहारनपुर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मेरठ, मुरादाबाद, बरेली और आगरा-अलीगढ़ बेल्ट भी शामिल हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी भौगोलिक मौजूदगी दर्ज कराने पर ज़ोर दे रही है।

वहीं, SP की अपनी चुनावी मजबूरियाँ हैं। जिन सीटों पर कांग्रेस अपनी जगह बनाना चाहती है, वहाँ SP के मौजूदा विधायक और विधानसभा स्तर पर उनका मज़बूत नेटवर्क, SP के दावों का मुख्य आधार है। बातचीत के दौरान कांग्रेस के ऐतिहासिक दावों और लोकसभा चुनाव में हाल ही में मिली मज़बूती को, SP की मौजूदा विधानसभा ताक़त के साथ तालमेल बिठाकर देखना होगा।

अगर सहारनपुर पश्चिमी यूपी में कांग्रेस की राजनीतिक जमीन वापस पाने की कोशिश को दर्शाता है, तो अमेठी और रायबरेली सीट बंटवारे की बातचीत में एक अलग लेकिन उतनी ही महत्वपूर्ण चुनौती पेश करते हैं। ये दोनों जिले गांधी परिवार से गहराई से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक पहचान के केंद्र में बने हुए हैं। राज्य से कांग्रेस के छह लोकसभा सांसदों में से दो इसी इलाके से आते हैं। 2024 के लोकसभा चुनावों में उनकी जीत ने इस क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक अहमियत के दावे को और मजबूत किया है। हालांकि, लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की वापसी विधानसभा स्तर पर वैसी मजबूती में नहीं बदल पाई है। 2022 में अमेठी जिले की चार विधानसभा सीटों में से कांग्रेस एक भी नहीं जीत पाई। अमेठी और गौरीगंज में सपा जीती, जबकि तिलोई और जगदीशपुर में भाजपा ने जीत हासिल की।

गठबंधन की बातचीत नवंबर 29 के बाद पुनः प्रारम्भ होने की सम्भावना और इसमें आने वाली चर्चा में अमेठी और राय बरेली जैसी सीटों पर वार्ता नया मोड़ ले सकती है। जहाँ कांग्रेस राजनीतिक जमीन वापस पाने की कोशिश के लिए अपने कैंडिडेट उतरना चाहेगी वहीँ सपा अपने जीते हुए प्रत्याशी को फिर से लड़ना चाहेगी।

Related Articles

Back to top button