परिसीमन की बिसात पर बिखरता ‘गठबंधन धर्म’ और अवसरवाद का नया व्याकरण

 

डा. उत्कर्ष सिन्हा

भारतीय राजनीति के इतिहास में कुछ क्षण ऐसे आते हैं जब विचारधारा के भारी-भरकम नकाब उतर जाते हैं और सत्ता व सीटों का नग्न गणित अपने सबसे क्रूर रूप में सामने खड़ा होता है। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में जो भूचाल आया है, वह महज एक विधायी प्रक्रिया नहीं है; बल्कि यह सत्तापक्ष की संवैधानिक मजबूरी और विपक्ष के भीतर छिपे ‘अवसरवादी गठबंधन धर्म’ की कलई खोलने वाला दस्तावेज़ है।

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत सत्तापक्ष की एक सोची-समझी मजबूरी से होती है। अप्रैल 2026 में जब केंद्र सरकार ने जनसंख्या के अनुपात में परिसीमन का मूल मसौदा पेश किया था, तब उसके तेवर आक्रामक थे। लेकिन लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत (लगभग 360 वोट) के संवैधानिक आंकड़े और दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रचंड विद्रोह ने सरकार के अहंकार को ज़मीन पर ला दिया। अप्रैल में सरकार को महज 298 वोट मिले थे और बिल औंधे मुंह गिर पड़ा था।

लिहाज़ा, नवंबर 2026 में जब सरकार दोबारा इस विधेयक को लेकर लौटी, तो उसे अपने ही पुराने ‘जनसंख्या आधारित’ सिद्धांत से पीछे हटना पड़ा। सरकार का नया प्रस्ताव—जिसमें सभी राज्यों की लोकसभा और विधानसभा सीटों में सीधे 50 प्रतिशत की आनुपातिक वृद्धि और 2051 तक अनुपात को स्थिर (Freeze) रखने का प्रावधान है—किसी उदार लोकतांत्रिक सोच का परिणाम नहीं, बल्कि संसद के भीतर संख्याबल जुटाने की उसकी लाचारी का प्रमाण है।

मगर भारतीय राजनीति की विडंबना देखिए कि सत्तापक्ष ने अपनी जिस मजबूरी को ढाल बनाया, वही विपक्षी एकजुटता यानी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के के लिए ख़राब साबित हो रही है। जिस विपक्ष ने कुछ महीने पहले तक संविधान और संघवाद की रक्षा के नाम पर एक साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, वह आज ‘लेन-देन की राजनीति’ की भेंट चढ़ चुका है।

इस वैचारिक पतन का सबसे मुखर उदाहरण द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) का यू-टर्न है। तमिलनाडु की सत्ता पर काबिज DMK, जो कल तक परिसीमन को दक्षिण भारत के खिलाफ केंद्र की साजिश बता रही थी, आज 50 प्रतिशत के फॉर्मूले पर सरकार के साथ खड़ी नज़र आ रही है। क्यों? क्योंकि इस फॉर्मूले से न केवल तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़कर 59 हो जाएंगी और उसका 7.18 प्रतिशत का संसदीय अनुपात सुरक्षित रहेगा, बल्कि राज्य की विधानसभा में सीटों के डेढ़ गुना होने से एम.के. स्टालिन को अपने भीतर के असंतोष को साधने और नए चेहरों को टिकट बांटने का असीमित स्पेस मिल जाएगा।
यानी ‘संघवाद की लड़ाई’ दरअसल ‘सीटों के विस्तार’ की सौदेबाजी में सिमट गई है।

इसी तरह, महाराष्ट्र की राजनीति में अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहे शरद पवार की पार्टी (NCP-SP) का बिल के प्रति नरम रुख यह साबित करता है कि क्षेत्रीय क्षत्रपों के लिए ‘विपक्षी एकता’ केवल तब तक पवित्र है, जब तक वह उनके अपने राजनीतिक अस्तित्व के आड़े न आए। आंध्र प्रदेश में जगन मोहन रेड्डी की YSRCP भी इसी ‘दक्षिणी कोटे’ के लालच में सरकार के पाले में खड़ी दिख रही है। यह ‘मुद्दा-आधारित समर्थन’ नहीं, बल्कि शुद्ध रूप से ‘तात्कालिक लाभ का सिद्धांत’ है, जहाँ राष्ट्रीय स्तर पर लोकतंत्र बचाने की दुहाई देने वाले दल अपने-अपने राज्यों की चौहद्दी में सुरक्षित होते ही केंद्र के सारथी बन जाते हैं।

दूसरी ओर, इस पूरे खेल में जो दल विरोध की मुद्रा में खड़े हैं, उनकी मजबूरियां और रणनीतियां भी उतनी ही जटिल हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस बिल का तीखा विरोध कर रही है, लेकिन उसके विरोध की जड़ में केवल सिद्धांत नहीं, बल्कि अपने घर की टूटन है।

TMC के 20 बागी सांसद, जो पाला बदलकर एनडीए समर्थित गुट के साथ जा चुके हैं, उनकी अयोग्यता पर लोकसभा अध्यक्ष का फैसला अब तक लंबित है। ममता बनर्जी को डर है कि यदि इन बागी सांसदों को परिसीमन बिल पर वोट देने की अनुमति मिली, तो न केवल सरकार का दो-तिहाई बहुमत का रास्ता आसान हो जाएगा, बल्कि बंगाल की राजनीति में भी उनकी बची-खुची साख को गहरा धक्का लगेगा। इसके अलावा, TMC इस बात से भी सशंकित है कि परिसीमन आयोग के जरिए सीटों के नए सिरे से सीमांकन का सीधा फायदा भाजपा को बंगाल में अपनी जड़ें जमाने में मिलेगा।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का विरोध भी उतना ही रणनीतिक है। अखिलेश यादव इसे भाजपा की ‘सबसे बड़ी राजनीतिक भूल’ बता रहे हैं और इसके खिलाफ व्हिप जारी कर चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के बीच अखिलेश यादव किसी भी कीमत पर यह संदेश नहीं जाने देना चाहते कि वे किसी भी मुद्दे पर भाजपा के साथ खड़े हैं। इसके अतिरिक्त, सपा की सबसे बड़ी चिंता 2011 की जनगणना को आधार बनाने और जातिगत जनगणना के बिना सीटों का नए सिरे से निर्धारण करने को लेकर है। सपा को आशंका है कि बिना ताज़ा सामाजिक और जातिगत आंकड़ों के यदि सीटों की सीमाएं बदली गईं, तो इसका सीधा नुकसान उसके ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को होगा और शहरी व भाजपा-प्रभावी इलाकों में सीटों का घनत्व बढ़ जाएगा।

कांग्रेस की स्थिति इस पूरे परिदृश्य में सबसे दयनीय और विरोधाभासी है। एक राष्ट्रीय दल होने के नाते कांग्रेस जानती है कि 850 सीटों वाली लोकसभा में यदि परिसीमन आयोग का गठन केंद्र सरकार की मर्जी से हुआ, तो भौगोलिक सीमाओं के पुनर्निर्धारण में सत्तारूढ़ दल को अभूतपूर्व रणनीतिक बढ़त मिल जाएगी। विडंबना यह है कि जो कांग्रेस कल तक इंडिया गठबंधन की धुरी होने का दावा करती थी, आज वह अपने ही सहयोगियों (DMK और NCP-SP) को मनाने के लिए ममता बनर्जी की मध्यस्थता का सहारा लेने को मजबूर है।
इसके समानांतर, केंद्र सरकार ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण) को परिसीमन की इस पूरी प्रक्रिया के साथ नत्थी करके विपक्ष के सामने एक ऐसा नैतिक चक्रव्यूह रचने की कोशिश की थी , जिसे विपक्ष ने पहले ही तोड़ दिया था । सरकार का यह दांव विपक्ष को दो हिस्सों में बांटने की एक कोशिश थी कि यदि आप परिसीमन का विरोध करते हैं, तो सत्तापक्ष आपको महिला आरक्षण विरोधी करार देगा; और यदि आप समर्थन करते हैं, तो आप सरकार को मनमाने ढंग से चुनावी नक्शा बदलने का लाइसेंस दे देते हैं।

अंततः, परिसीमन बिल 2026 का यह पूरा प्रकरण भारतीय लोकतंत्र के एक कड़वे सत्य को रेखांकित करता है। आज की राजनीति में ‘गठबंधन धर्म’ नाम की कोई स्थायी नैतिक संहिता शेष नहीं बची है। यह पूरी तरह से ‘सौदेबाजी के संघवाद’ में तब्दील हो चुकी है। सत्तापक्ष ने अपनी संसदीय लाचारी को अवसर में बदलते हुए 50 प्रतिशत सीट वृद्धि का जो चारा फेंका, उसने विपक्ष के वैचारिक खोखलेपन को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है।

यह बिल संसद में पास हो या न हो, लेकिन इसने यह ज़रूर साबित कर दिया है कि भारतीय राजनीति में सिद्धांत अब केवल चुनावी मंचों पर बोलने के लिए रह गए हैं—संसद के गलियारों में तो केवल तात्कालिक लाभ और सीटों के गणित की ही पूजा होती है।

Related Articles

Back to top button