Friday , April 26 2024

चुनाव सुधार व ब्लैकमनी समाप्ति को कटिबद्ध केंद्र: शाह

amit-shahपटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार देश से कालाधन समाप्त करने के साथ-साथ राजनीति में शुचिता लाने और चुनाव प्रक्रियाओं में सुधार लागू करने के लिए प्रयासरत है।

जनसंघ के संस्थापक तथा एकात्म मानववाद के प्रचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के संपूर्ण विचारों, बौद्धिक संवादों और आलेखों को 15 खंडों में संकलित उनके संपूर्ण वांगमय के लोकार्पण कार्यक्रम में शाह ने कहा कि केंद्र की BJP नीत सरकार देश से ब्लैकमनी समाप्त करने के लिए कटिबद्ध है।

ब्लैकमनी समाप्त करने में राजनीनिक शुचिता को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि BJP राजनीतिक शुचिता के मामले में अन्य दलों से काफी आगे है। वह ऐसी योजना पर काम कर रही है जिसे लागू करने के बाद यह दल अन्य पार्टियों से कई हाथ आगे निकल जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गंभीरतापूर्वक राजनीतिक दलों को मिल रहे चंदे में पारदर्शिता लाने के लिए गहराई से काम कर रही है।

केन्द्र की सरकार खर्च रहित चुनाव की परिकल्पना की चर्चा करते हुए BJP अध्यक्ष ने कहा कि देश में चुनाव सुधार के लिए सबसे पहले इसे खर्चरहित बनाना होगा। उन्होंने कहा कि हमारे PM मोदी इन तीनों कार्यो को लागू करने के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से देश की करीब 80 करोड़ गरीब जनता को लाभ मिलेगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशति के उपलक्ष्य में राजनीति में शुचिता लाने का संकल्प लेते हुए शाह ने कहा कि राजनीति में पारदर्शिता के लिए और चुनाव सुधारों के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है जो इस कार्य के लिए सुझाव देगी। शाह ने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता आत्मचिंतन कर इस दिशा में बढ़ेंगे तो भारत को विश्वगुरू होने से कोई रोक नहीं सकेगा। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का वांगमय इस दिशा में मार्गदर्शन करेगा।

केन्द्र सरकार की कार्यो की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि दीनदयाल शताब्दि वर्ष को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार इस दौरान 70 से 80 करोड़ लोगों के जीवन को ऊपर उठाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के सत्तर साल बाद भी 60 करोड़ लोगों का देश में कोई बैंक खाता नहीं था। इसका संज्ञान लेते हुए मोदी सरकार ने डेढ़ साल की अवधि में सत्ताईस करोड़ लोगों का बैंक खाता खुलवाया।

जनधन खाता खुलवाकर और एलपीजी सब्सिडी समाप्त कर केन्द्र ने देश से भ्रष्टाचार दूर करने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने एलपीजी की सब्सिडी छोड़ते हुए लोगों से इसे छोड़ने की अपील की थी इसके बाद एक करोड़ 37 लाख लोगों ने एलपीजी सब्सिडी गरीबों के लिए छोड़ी । उज्जवला योजना के तहत 2019 तक गरीब परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिया जायेगा। एक करोड़ तीस लाख लोगों को LPG कनेक्शन दिया जा चुका है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय पहले व्यक्ति हैंजिन्होंने दुनिया के सामने सरलता पूर्वक देश और राष्ट्र की जगह भू-सांस्कृतिक राष्ट्र की परिकल्पना रखी थी। श्री कृष्ण को संस्कृति का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि मणीपुर हो या मथुरा औरा वृंदावन हो चाह गुजरात, कृष्ण की संस्कृति सभी जगह एक सी है और ऐसी ही संस्कृति के आधार पर राष्ट्र में कहीं भी बिखराव नहीं आयेगा।

शाह ने कहा कि अपने अल्प जीवन काल में ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने संघ के प्रचारक के रूप में काम करते-करते देश, काल की समस्याओं का समाधान दे गये। पंडित दीनदयाल उपाध्याय को मूलगामी चिंतक और विचारक बताते हुए उन्होंने कहा कि दुविधापूर्ण तथा अंतरविरोध से भरे कालखण्ड में उन्होंने समन्वय स्थापित करते हुए काम किया। उन्होंने कहा कि संघ की कार्यपद्धति को राजनीतिक दल के अंदर समाहित करने का मंडल से लेकर उपरी स्तर तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सफलता पूर्वक प्रयोग किया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com