Friday , April 26 2024

CM रमन सिंह अचानक पहुंचे गांव, बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह लोकसुराज अभियान के तहत बुधवार को अचानक महासमुंद जिले के जम्हारी गांव पहुंचे और वहां बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रदेशव्यापी लोकसुराज अभियान के तहत मुख्यमंत्री सिंह सुबह राजधानी रायपुर से हेलीकॉप्टर से रवाना होकर अचानक महासमुंद जिले के जम्हारी गांव पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने गांव के स्कूल परिसर में चौपाल लगाई। इस परिसर में प्राथमिक, मिडिल और हाईस्कूल का संचालन हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने की मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की तारीफ

नीम के पेड़ के छांव में लगी चौपाल में स्थानीय स्कूली बच्चों और शिक्षकों सहित बड़ी सख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि सिंह ने वहां प्राथमिक और मिडिल स्कूल के बालक-बालिकाओं के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया।

उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की भी तारीफ की और इसके लिए वहां के पांच रसोईयों को कुल एक हजार रुपए का पुरस्कार भी दिया। इस दौरान उन्होंने चौपाल में छठवीं कक्षा के बच्चों को अपने पास बुलाकर 18 और 19 का पहाड़ा पूछा।

बच्चों ने जब पहाड़ा सुनाया तब मुख्यमंत्री ने उन्हें चाकलेट के साथ शाबाशी दी। उन्होंने बताया कि रमन सिंह ने जम्हारी गांव के स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता को काफी संतोषप्रद और सराहनीय बताया। उन्होंने इसके लिए स्थानीय शिक्षकों और ग्रामीणों की भी तारीफ की।

सिंह ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे इसी तरह आगे भी गांव की नई पीढ़ी के प्रति अपने कर्तव्यों का गंभीरता से पालन करते रहें। उन्होंने स्थानीय महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ए.एन.एम.) के कामकाज की भी प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने यहां रहकर शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव करवाया है। इस गांव में सभी गर्भवती महिलाओं का सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराया जाना निश्चित रूप से अन्य गांवों के लिए अनुकरणीय है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जम्हारी गांव की चौपाल में ग्रामीणों के आग्रह पर जम्हारी से विकासखंड मुख्यालय सरायपाली तक लगभग 15 किलोमीटर मरम्मत और उन्नयन कार्य, स्थानीय मुक्तिधाम में शेड निर्माण और जम्हारी मंे 400 मीटर सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण की मंजूरी देने की घोषणा की।

उन्होंने जम्हारी ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम लिमऊगुड़ा के किसानों के अनुरोध पर जम्हारी के धान उपार्जन केन्द्र में उन्हें भी धान बेचने की सुविधा देने का एेलान किया।

किसानों का कहना था कि वर्तमान में उन्हें अपना धान बेचने के लिए लगभग 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब उनकी यह समस्या दूर हो जाएगी।

रमन सिंह के साथ मुख्य सचिव विवेक ढांड भी चौपाल में उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह इस महीने की तीन तारीख से लोकसुराज अभियान पर हैं। इस अभियान में वह गावों में जाकर लोगों से समस्याएं पूछ रहे और उसका समाधान कर रहे हैं। अभियान 20 मई तक चलेगा। यह अभियान का तीसरा चरण है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com