Saturday , April 27 2024

UP के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा, सप्लीमेंट्री बजट पास

akhileshलखनऊ। विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे व अंतिम दिन गुरुवार को दोनों सदनों में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया।

विपक्षी दलों के हंगामें और नारेबाजी के बीच उत्तर प्रदेश विनियोग 2016-17 का द्वितीय अनुपूरक विधेयक 2016 और उतर प्रदेश विनियोग, लेखानुदान, विधेयक 2016 समेत चार विधेयक पास हो गये।

विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार को जैसे ही 11 बजे शुरू हुई उसी समय भाजपा और बसपा सदस्य वेल में आकर नारेबाजी और हंगामा करने लगे। भाजपा सदस्य संसदीय कार्यमंत्री मो. आजम खां के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। वहीं बसपा के सदस्य वेल में पोस्टर लहराते हुए सूबे की कानून व्यवस्था और नोटबंदी के विरोध में नारेबाजी और हंगामा कर रहे थे।

सदन में हो रहे हंगामें को शांत होता न देखकर विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामा करने वाले सदस्यों को अपने स्थानों पर जाने का आग्रह किया लेकिनसदस्यों ने इसे अनसुना कर दिया और नारेबाजी करते रहे ।

सदन को अव्यवस्थित देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को बीस मिनट के लिए स्थगित कर दिया। उसके बाद स्थगन काल को दो बार में 12.20 तक के लिए बढ़ा दिया।शून्य काल में सदन की कार्यवाही जब प्रारम्भ हुई उस समय भी बसपा सदस्य राज्य की कानून व्यवस्था और नोटबंदी पर कार्यवाही बंद करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ वेल में ही नारेबाजी करते रहे।

इनके अलावा कांग्रेस सदस्य नोटबंदी और किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार सरकार से चर्चा की मांग कर रहे थे। वहीं भाजपा सदस्य भी आजम खां के इस्तीफे की मांग को लेकर अड़े रहे। इसी हंगामे के बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विनियोग विधेयक द्वितीय अनुपूरक 2016-17 की विभाग वार अनुदान मांगे रखी जिन्हे ध्वनि मतों से पारित कर दिया गया।

इसके अलावा सदन में एक लाख, चौतींस हजार आठ सौ पैतालिस करोड़ 81 लाख 15 हजार रुपए की लेखानुदान मांगे ध्वनि मतों से पारित कर दी गयीं।सदन में गुरूवार को सैम हिग्गिनबाटम कृषि प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश विधेयक 2016 और राज्य सम्पत्ति विभाग के नियंत्रणाधीन भवनों के आवंटन संशोधन विधेयक 2016 पारित हो गए।

सदन में कानून व्यवस्था और नोट बंदी को लेकर नेता प्रतिपक्ष व बसपा सदस्य गया चरण दिनकर ने कहा कि जब से वर्तमान सरकार सत्ता मे आयी है प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है। दिन दहाड़े लूट की घटनाएं हो रही हैं और सरकार कोई कार्यवाही नहीं कर पा रही है।

उन्होने पिछले दिनों हुई घटनाओ का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार कानून व्यवस्था का राज कायम करने में असफल साबित हुई है। कांग्रेस के नेता प्रदीप माथुर ने नोट बंदी पर बोलते हुए कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री ने नोटबंदी करके देश को लाइन में खड़ा कर दिया है।

प्रधानमंत्री के तुगलकी फरमान से पूरा देश कतार में है। हालात बद से बदतर हो गए हैं। देश त्राहिमाम कर रहा है। किसानों को खाद बीज को पैसे नही मिल पा रहे हैं। इस मामले पर बोलते हुए संसदीय कार्य मंत्री आजम खां ने कहा कि सदन में नोट बंदी पर चर्चा न हो पाए इसके लिए भाजपा के सदस्य लगातार हल्ला कर रहे हैं।

उन्होने कहा कि भाजपा बताए कि किसान लाइन में क्यों मर रहे हैं। भाजपा सदस्य इसलिए हंगामा कर रहे हैं कि ताकि प्रदेश के लोग न जान पांए कि नोटबंदी से देश को क्या समस्याएं आ रही हैं। मो. आजम खां ने एटीएम में नोट नहीं , एवीएम में वोट नहीं नारा दिया। इस मामले को विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामे के बीच स्थगित कर दिया।

इसके अलावा विधानसभा में 16 पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक प्रस्ताव लाकर श्रद्धांजलि दी गयी और उनके निधन पर दो मिनट का शोक रखा गया। सदन में तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं जयललिता के निधन पर सदन में शोक व्यक्त किया गया। इसके बाद अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी।

इधर विधान परिषद् में दूसरे दिन भी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा और बसपा ने सरकार को घेरा। सदन शुरू होते ही भाजपा सदस्य वेल में आ गये और सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। जबकि बसपा सदस्यों ने अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर कानून व्यवस्था पर चर्चा कराये जाने की मांग की। जिसपर सभापति रमेश यादव ने शून्य काल में चर्चा कराये जाने की बात कही।

इसी दौरान विपक्ष का निगाह सत्ता पक्ष की ओर गयी, जहां सरकार की ओर से कोई भी मंत्री या नेता सदन मौजूद नहीं थे। नेता प्रतिपक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सभापति का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि सरकार विहीन सदन कैसे चलेगा। जिसपर समूचा विपक्ष एकजुट हो गया और सभापति ने सदन की कार्यवाही को बीस मिनट के लिए स्थगित कर दी।

सदन में शून्य प्रहर में भी बसपा सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। दो बार वेल में आ गये और सदन नहीं चलने दिया। सदन में आज उत्तर प्रदेश विनियोग 2016-17 का द्वितीय अनुपूरक विधेयक 2016 और उतर प्रदेश विनियोग, लेखानुदान, विधेयक 2016 समेत चार विधेयक पास हो गये और सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com