Wednesday , May 8 2024

आचार संहिता के उल्लंघन पर कांग्रेस ने BJP पर बोला हमला

देहरादून: नगर निकाय चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर कांग्रेस ने भाजपा की घेराबंदी की है। पार्टी ने राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट को ज्ञापन भेजकर देहरादून और ऊधमसिंह नगर जिलों में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का भाजपा पर आरोप मढ़ा है।

पार्टी ने उक्त मामलों में संबंधित विधायकों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज करने की मांग की है। ज्ञापन में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा नगर निकाय चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है। 

कहा गया कि बीती एक नवंबर ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा में स्थानीय भाजपा विधायक एवं उपजिलाधिकारी ने दीपावली मेले के उद्घाटन अवसर पर मंच साझा किया। यह आदर्श आचार का उल्लंघन है। 

इसी तरह देहरादून में भी रायपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक क्षेत्र विकास निधि से स्वीकृत निर्माण कार्यो का स्थानीय भाजपा विधायक की ओर से शिलान्यास कराया जा रहा है। इस संबंध में निर्माण कार्यो से संबंधित सूची को भी जारी किया। 

प्रदेश कांग्रेस ने आयुक्त से आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के उक्त मामलों का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। 

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उक्त मामले में विधायकों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में महिला कार्यकर्ता के शोषण के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं हुई तो कांग्रेस भाजपा नेताओं का घेराव करेगी। 

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com