कुरुक्षेत्र। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि दिल्ली में आने वाली एमसीडी चुनावों में प्रदेश कांग्रेस सहयोग देगी। चुनाव में सहयोग को लेकर एक अप्रैल को दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक होगी। मिशन-2019 और प्रदेश में बहुमत से सरकार बनाने को लेकर कार्यकर्ता जनता को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के बारे अवगत करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स और फसल बीमा योजना के नाम किसानों व आम लोगों की जेब काटी जा रही है। सरकार सुविधाएं देने से पीछे हट रही है। प्रदेश में कच्ची कॉलोनियों में सुविधा देने का मुद्दा कांग्रेस द्वारा उठाया जाएगा।
वह बुधवार को चंडीगढ़ से दिल्ली जाते समय पिपली में कार्यकर्ता दीपक मेहरा का हाल जानने पहुंचे थे। दीपक परिवर्तन सम्मेलन सढोरा में ट्रैक्टर से गिरकर चोटिल हो गया था। पिपली पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की जान होते हैं,कार्यकर्ता कभी भी मुश्किल में हो उनकी मदद करना पार्टी का फर्ज है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी सचिवों की खंड स्तर पर ड्यूटियां लगाई है, हर ब्लॉक स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की है, जो कांग्रेस को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।
पंजाब जीत की लहर का असर प्रदेश में भी दिख रहा है। परिवर्तन यात्राओं के जरिये भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को जनता के समक्ष उजागर किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बोलते हुए कहा कि जो पदाधिकारी अच्छा काम करेगा, उसकी पदोन्नति दी जाएगी और जो पिछड़ेगा उसे हटाया भी जाएगा। ग्रामीण गैर राजनीतिक पारिवारिक पृष्ठभूमि के लोगों को आगे लाने के लिए भी कार्य किया जाएगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal