रामकोला (कुशीनगर)। भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर त्रिवेणी इंजीनियरिंग इंडस्ट्री लिमिटेड के मुख्य गेट पर गुरुवार को एक बृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के उपाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन मंत्री ईश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने किया।
सभा में प्रधान प्रबंधक यशराज सिंह, कारखाना प्रबंधक मानवेन्द्र राय, यांत्रिक प्रबंधक अवधेश कुमार सिंह, प्रबंधक उत्पादन संजय तिवारी सहित कारखाने के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मजदूरों की समस्याओं, वेतन वृद्धि और क्वार्टर संबंधी मांगों को प्रबंधन के समक्ष रखा गया। उपाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों और मजदूरों को वेतन वृद्धि नहीं मिली है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। उन्होंने महंगाई को देखते हुए सम्मानजनक वेतन वृद्धि की मांग की। मंत्री ईश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने भी मजदूरों के हित में वेतन वृद्धि तथा क्वार्टर की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रबंधन ने मांगों को उचित बताते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।इस अवसर पर विजय कुमार शाही, राम प्रवेश खरवार, परशुराम बारी, राकेश दीक्षित, मनोज गोविंद राव, कमल राज मधोक, आनंद नारायण मिश्रा, राज मनोहर, सुरक्षा निरीक्षक प्रेम कुमार सिंह सहित कार्यकारिणी के सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर मौजूद रहे।



