नई दिल्ली। कर्नाटक में भाजपा सरकार के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को कांग्रेसी कार्यकर्ता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर एकत्रित हुए। यहां उन्होंने महात्मा गांधी को नमन कर लोकतंत्र की रक्षा और भाजपा को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की तथा लोकतंत्र बचाओ अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर माकन ने कहा कि कांग्रेस तथा जेडीएस के पास बहुमत से भी ज्यादा 118 सीटें होने के बावजूद मात्र 104 सीटें जीतने वाली भाजपा के मुख्यमंत्री को शपथ दिलाया जाना सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर लड़ेंगे। लोगों को बताएंगे कि किस प्रकार भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सारी संवैधानिक मान्यताओं को ताक पर रख दिया है।
अजय माकन ने कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला पर भी गौरवमयी संवैधानिक पद को कलंकित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की तरह गोवा में भाजपा ने 13 सीटें जीतने पर असंवैधानिक तरीके से सरकार बनाई, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं। इसी प्रकार मणिपुर में काग्रेस की 28 तथा भाजपा की 21 सीटें थीं, जबकि मेघालय में कांग्रेस की 21 व भाजपा की मात्र 2 सीटें थीं, उसके बावजूद भाजपा ने संविधान को ताक पर रखकर व राज्यपाल के पद का दुरुपयोग करके सरकार बनाई।
इस मौके पर कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको, पूर्व सासद महाबल मिश्रा और रमेश कुमार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव नसीब सिंह, पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार अरविंदर सिंह लवली, हारुन यूसुफ, डॉ. नरेंद्र नाथ, नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल आदि नेता मौजूद थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal