नई दिल्ली। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने आरोप लगाया है कि भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार मात्र प्रचार और राजनीतिक फायदे के लिए जाकिर नाइक प्रकरण को उठा रही है। उन्होंने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार की दिलचस्पी केवल मीडिया प्रबंधन और राजनीतिक फायदों को प्राप्त करने में है। उनका आरोप है कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे भी मीडिया चैनलों पर उछाल रही है। कांग्रेस नेता मणिशंकर ने कहा कि जाकिर नाइक के बारे में इस सरकार को पहले से इंटेलिजेंस इनपुट मिलता रहा है और इस सरकार ने कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार ने पिछले 18 महीने से इंटेलिजेंस इनपुट के बाद भी जाकिर नाइक के खिलाफ कोई कार्यवाई नहीं की। अय्यर ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस नेता दिग्विजय उस कार्यक्रम में गए तब भाजपा ने यह मामला उछाला है। उन्होंने मांग की कि साध्वी और कर्नल पुरोहित के खिलाफ भी वही एक्शन लिया जाए जो जाकिर नाइक के खिलाफ लिया जा रहा है, तब देश को भरोसा होगा कि ये सरकार सही मायने में देश हित की बात कर रही है।
वहीं जाकिर के बचाव में मुंबई के सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि वह इस्लाम की सही शिक्षा दे रहे हैं और उन पर लग रहे आरोप गलत हैं। आजमी ने कहा कि जाकिर नाइक ने कभी भी आतंकवाद का समर्थन नहीं किया। उन्होंने आतंक के खिलाफ आवाज उठाई है। अगर किसी आतंकी को उनका भाषण पसंद आ गया तो इसमें उनकी क्या गलती है। उन्हें अगर गिरफ्तार किया गया तो ये मुसलमानों को दबाने की एक और कोशिश होगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal