लखनऊ/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को आजमगढ़ में दावा किया कि सूबे की कानून व्यवस्था अन्य राज्यों से बेहतर हैं। यहां लोग सर्वाधिक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद यहां फिर से सपा की ही सरकार बनेगी।
शिवपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। ऐसे में यहां रोज कोई न कोई घटना होती रहती है। गाजियाबाद में कल शाम भाजपा नेता के ऊपर एके-47 से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के सम्बंध में उन्होंने कहा कि पुलिस मामले को मुस्तैदी से देख रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा और अपराधी पकड़े जायेंगे। भाजपा पर निशाना साधते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि यह पार्टी केवल अफवाह फैलाती है। भाजपा के लोग रोज कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बहुत खराब है जबकि वास्तविकता ऐसी नहीं है। उन्होंने कहा कि उप्र की कानून व्यवस्था अपेक्षाकृत बहुत ही ठीक है। उन्होंने कहा भाजपा शासित राज्यों जैसे झारखंड और छत्तीसगढ़ में तो लोग दिन में भी सुरक्षित नहीं हैं। मीडिया के ऊपर सवाल उठाते हुए प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों में घटने वाली आपराधिक घटनाओं को मीडिया नहीं उठाती है। सपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए बिल्कुल तैयार है। उन्होंने कहा कि सपा चुनाव में अकेले लड़ेगी। किसी भी दल से कोई तालमेल नहीं होगा और चुनाव के बाद पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेंगे।
शिवपाल आज पार्टी के पूर्व सांसद नंद किशोर की मां की त्रयोदशाह और सपा नेता हाजी युनूस की मृत्यु के बाद शोक व्यक्त करने आजमगढ़ आये हुए थे। उनके साथ प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव भी थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal