नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद रंजीता रंजन ने अपने पति और बिहार के मधेपुरा से सांसद व जनअधिकार पार्टी (लो) प्रमुख राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी का मुद्दा मंगलवार को लोकसभा में उठाया। रंजीता रंजन ने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस ने सांसद के अधिकारों का उल्लंघन किया है।
रंजीता रंजन ने शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा, ‘हमारे सदन के एक सदस्य को कल पटना में गिरफ्तार कर लिया गया है। जिस तरह से पुलिस तंत्र काम कर रहा है, वह बेहद गंभीर है। शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है।’
उन्होंने सवाल किया, क्या शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करना गलत है ? इस सदन के एक सांसद को घर में भी नजरबंद किया गया। फिर रात को सीजेएम की अदालत में ले जाया गया।
रंजीता रंजन ने कहा कि प्रदेश सरकार की कुछ नीतियों को लेकर सांसद विरोध कर रहे थे लेकिन उन्हें इस प्रकार से गिरफ्तार किया गया जो एकदम गलत है। कांग्रेस सदस्य ने कहा कि क्या आंदोलनकारियों को मारने की साजिश तो नहीं की गई?
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पटना में बिहार पुलिस ने पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें सीजेएम के समक्ष पेश किया गया था।
पुलिस ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी गांधी मैदान थाना के एक पुराने मामले में जारी वारंट के आधार पर की है। इस दौरान उन्होंने संसद के सत्र को लेकर दिल्ली जाने की बात भी कही थी लेकिन पुलिस ने नहीं सुनी और उन्हें गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया गया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal