Friday , April 26 2024

उप्र में नीतीश और राहुल सिर्फ वोटकटवा: अमित शाह

saahलखनऊ। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वोटकटवा कहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इन दोनों नेताओं का कोई जनाधार नहीं है। ये यहां सपा और बसपा को मजबूत करने के लिए विधानसभा के चुनाव में सिर्फ वोट काटने का काम करेंगे।अमित शाह शनिवार को राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के बीआर अंबेडकर सभागार में भाजपा आई टी सेल की कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की भ्रष्टाचारों वाली सरकार को चलवाने के लिए सपा-बसपा बराबर की जिम्मेदार हैं।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के लिए इस राज्य को सपा और बसपा से मुक्त करना होगा। नीतीश और राहुल का यहां कोई जनाधार नहीं है। ये लोग यहां सपा और बसपा को मजबूत करने के लिए ही चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में प्रदेश की जनता को इनकी साजिश से सावधान करना होगा।अमित शाह ने आईटी सेल के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पूरे प्रदेश की जनता को सावधान करें और उन्हें सपा व बसपा के कुशासन के बारे में बतायें। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए उत्तर प्रदेश का चुनाव जीतना जरूरी है क्योंकि यहां बुआ (बसपा सुप्रीमो मायावती) और भतीजे (मुख्यमंत्री अखिलेश यादव) की सरकारों ने विकास का मार्ग अवरुद्ध कर रखा है।भाजपा अध्यक्ष ने अपने सम्बोधन के दौरान प्रदेश की सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के मुश्किल से अभी ढ़ाई साल हुए हैं और अखिलेश यादव हिसाब मांग रहे हैं, जबकि 2017 में विधानसभा का चुनाव है। इसलिए पहले अखिलेश को अपने पांच साल का हिसाब देना चाहिए। भाजपा 2019 में पांच साल पूरा होने पर अपनी सरकार का पूरा हिसाब देगी।अमित शाह ने कहा कि केन्द्र को पूर्ण बहुमत की सरकार देने का श्रेय उत्तर प्रदेश को जाता है। इस राज्य ने 80 में से 73 सांसद भाजपा को दिये। इसी वजह से यहां की जनता को हम जवाब देने के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने ढाई साल में क्या किया इस पर अखिलेश और मायावती सवाल उठाते हैं तो सुनो हमने तो देश को बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है। दस साल तक देश प्रधानमंत्री की आवाज ही नहीं सुन पाता था। उस दौरान प्रधानमंत्री की आवाज सिर्फ माँ और बेटे ही सुनते थे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की सरकार हर समस्या के लिए फैसले लेती है। यूपीए सरकार में हर मंत्री अपने विभाग का प्रधानमंत्री बन गया था और प्रधानमंत्री की कोई सुनता ही नहीं था। उन्होंने इस सम्बंध में उप्र के मुख्यमंत्री पर भी कटाक्ष किया और कहा कि यहां कितने मुख्यमंत्री हैं कोई नहीं बता सकता।शाह ने कहा कि उप्र का युवा देश के दूसरे राज्यों को अपने पसीने से समृद्ध कर रहा है लेकिन वह यहां कुछ नहीं कर पा रहा है। इसका कारण यहां की जातिवादी सियासत है, जिसे सपा और बसपा ने पनपाया है।केंद्र की पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि यूपीए सरकार में तो चारों तरफ सिर्फ घोटाले ही घोटाले थे। जमीन पर 2जी घोटाला, आसमान में विमान घोटाला, समुद्र में मरीन घोटाला तो पाताल में कोयला घोटाला किया। उस सरकार में 12 लाख करोड़ से अधिक का घोटाला हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के ढाई साल में एक भी घोटाले का आरोप लगा हो तो बताएं।राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल बाबा तो सिर्फ यही कहने में लगे रहे कि हमें देखना है, हम देखेंगे, और अब उत्तर प्रदेश में यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्राओं से सरकार नहीं बनती है। इसके लिए काम करना पड़ता है। अमित शाह ने 70 साल बनाम ढाई साल का नारा देते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार ने हर 15 दिन में एक नई योजना देश को दी है। उन्होंने कहा कि यदि सभी योजनाओं पर बात करेंगे तो सात दिन की भागवत सुनानी पड़ जायेगी।इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यशाला में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और लखनऊ के महापौर डा0 दिनेश शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंशल, राष्ट्रीय मंत्री श्रीकांत शर्मा समेत कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com