कोलकाता। हुगली जिले के सिंगूर में टाटा की नैनो परियोजना के लिए पूर्ववर्ती वाम मोर्चा सरकार द्वारा अधिग्रहित जमीन किसानो को वापस लौटाने का काम मौजूदा सरकार ने शुरु कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने दस हफ्तों के भीतर किसानो की जमीन लौटाने का निर्देश दिया था। जमीन की सफाई व मापी का काम अंतिम चरण में है। इस बीच सिंगूर के किसानो का मूड भांपने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी बुधवार को सिंगूर का दौरा करेंगी।
सुप्रीम कोर्ट का निर्देश आने के बाद राज्य सरकार की तरफ से 14 सितम्बर को राज्यव्यापी सिंगूर दिवस मनाने की घोषणा की गई है। अपने सिंगूर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सिंगूर दिवस आयोजन का औपचारिक शुभारंभ करेंगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सिंगूर में जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ एक दर्जन से अधिक किसानो को मुआवजे की रकम व जमीन के दस्तावेज सौंप सकती हैं। इस दौरान ममता यह जानने की कोशिश करेंगी कि सिंगूर के किसान उद्योग लगाये जाने के पक्षधर हैं या अपनी जमीन पर फिर से खेती करना चाहते हैं। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया था कि उनकी सरकार महज चार हफ्तों के भीतर जमीन वापसी की प्रक्रिया कर लेंगी। उसी के मुताबिक अदालत का फैसला आने के एक दिन बाद से ही सिंगूर में युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया था। शनिवार को राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने सिंगूर जाकर कार्य की प्रगति का अवलोकन किया था।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal