चंदौली। पिछले 27 सालों में उत्तर प्रदेश में गैर कांग्रेस दलों की सरकार ने सूबे में लूट-खसोट को बढ़ावा दिया है। उत्तर प्रदेश के पिछड़ेपन का कारण सपा, बसपा और भाजपा की सरकार है। यह बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने रविवार को चंदौली में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बसपा मुखिया दलित की नहीं बल्कि दौलत की बेटी है। यह बात बसपा का दामन छोड़ने वाले उन्हीं के लोग कह रहे हैं। कांग्रेस की 27 सालयूपी बेहाल यात्रा रविवार को चंदौली पहुंची। राज बब्बर के निशाने पर मुलायम, मायावती और मोदी भी रहे।
राजबब्बर ने कहा कि सपा मुखिया खुद स्वीकार कर रहे हैं कि उनके विधायक व मंत्री लूटखसोट कर रहे हैं। साढ़े चार साल बाद सपा के मुखिया को इसका आभास हो रहा है? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गंगा मइया को धोखा देने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि काला धन विदेशों से वापस लाने, महंगाई कम करने व नौजवान को रोजगार देने के वादे को भी पूरा नहीं किया। उन्होंने भाजपा पर जाति धर्म के नाम पर राजनीतिक करने का भी आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कार्यकर्ताओं व आमजन से इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में यूपी देश में तीसरा विकसित राज्य था, लेकिन आज निचले पायदान से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
25 किमी तक किया रोड शो-
राजबब्बर रविवार को वाराणसी से जिले की सीमा पर स्थित पड़ाव से चंदौली मुख्यालय तक विशेष बस में सवार होकर रोड शो करते पहुंचे। इस दौरान कुल 17 जगहों पर कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। राजबब्बर ने कई जगह नुक्कड़ सभा कर कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal