लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही विरोधी दल जहां अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, वहीं उनकी निगाहें सरकार के हर फैसले पर टिकी हुई है।
इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री को छह महीने का वक्त मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह अगले छह महीने कुछ नहीं बोलेंगे।
रामगोपाल ने कहा कि आदित्यनाथ जो वस्त्र पहनते हैं, वह उसका बहुत ही सम्मान करते हैं। वहीं मुख्यमंत्री की छवि पर पूछे सवाल पर रामगोपाल ने कहा कि अब योगी आदित्यनाथ हमारे मुख्यमंत्री हैं और मुख्यमंत्री पर एक दिन में ही सवाल उठने लगे सही नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं छह महीने कुछ नहीं कहूंगा। वह जो वस्त्र पहनते हैं इस देश में उसका बहुत ही सम्मान है और इस दृष्टि से मैं भी उनका बहुत सम्मान करता हूं।
रामगोपाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सपा सरकार पर हमेशा हमला करते थे, अब उन्हें एहसास होगा। इतना बड़ा राज्य है, यहां पर हर रोज़ 10-20 हत्याएं और बलात्कार की घटनाएं होंगी। राज्य की वास्तकितता क्या होती है और उसे कैसे नियंत्रित कर पाएं ये उन्हें अब पता चलेगा। रामगोपाल ने कहा कि अभी से उनके लोग बोलने लगे हैं। उन पर नियंत्रण करें। हम चाहते हैं कि वह सफल मुख्यमंत्री हों क्योंकि जब तक मुख्यमंत्री सफल नहीं होगा, राज्य का विकास नहीं होगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal